केतन मर्डर केस में पुणे पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि लोहागढ़ किले से धक्का देने से पहले भी केतन की हत्या की दो बार कोशिश की गई थी. पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.
पुणे के कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में उनके परिवार का दर्द और गुस्सा लगातार सामने आ रहा है. केतन के पिता ने कहा कि अगर लड़की शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ तौर पर इनकार कर सकती थी. परिवार तुरंत शादी रद्द कर देता, लेकिन किसी की जान लेना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा, ‘अगर उसे शादी नहीं करनी थी तो वह मना कर देती. हम उसी वक्त विवाह कैंसिल कर देते. आखिर इतनी बड़ी और खौफनाक साजिश रचने की जरूरत क्यों पड़ी?’
किसी 25 साल के युवक की जिंदगी छीन लेना किस तरह की मानसिकता को दिखाता है? समाज को भी इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि ऐसी सोच आखिर आती कहां से है. केतन के पिता ने राज्य सरकार और जांच एजेंसियों से मामले की सुनवाई तेजी से कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए और भविष्य में कोई ऐसी घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके. वहीं, केतन की मां ने भी इस मामले में गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सिया और उसके कथित प्रेमी की वजह से उनका बेटा आज इस दुनिया में नहीं है.

पिता ने बेटे की हत्या पर की सख्त से सख्त सजा की मांग
उन्होंने कहा, ‘मेरा बेटा अब हमारे बीच नहीं है. सिया ने हमसे झूठ बोला और हमारा भरोसा तोड़ा. हमें कभी किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. मैं उससे कई बार मिली थी. हम साथ में खरीदारी करने गए, डिनर पर गए, लेकिन कभी नहीं लगा कि वह ऐसा कदम उठा सकती है.’ केतन की मां ने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है. उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए.
मां ने बेटे की हत्या के आरोपियों को फांसी की मांग की
केतन विशाल अग्रवाल की मौत पर उनकी मां कहती हैं, ‘मेरा बेटा अब नहीं रहा. सिया और उसका बॉयफ्रेंड इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं. उसने (सिया ने) मेरे साथ धोखा किया और झूठ बोला… कुछ भी संदिग्ध नहीं था; हमें जरा भी शक नहीं हुआ. मैं उससे कई बार मिली, हम अक्सर साथ में शॉपिंग और डिनर के लिए जाते थे, फिर भी कभी यह ख्याल नहीं आया कि वह ऐसी इंसान हो सकती है… मैं इस घटना में शामिल लोगों के लिए मौत की सजा की मांग करती हूं…’ फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. इस बीच केतन के परिवार की मांग है कि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि जल्द से जल्द सच सामने आए और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिल सके.
सिया ने क्यों छिपाया था केतन का पासपोर्ट?
31 मई को केतन और सिया लोहागढ़ किले गए थे. पुलिस का दावा है कि इसी यात्रा के दौरान कथित साजिश की शुरुआत हुई. लोहागढ़ किले की ऊंचाई और आसपास की गहरी खाइयों को देखते हुए जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस स्थान को जानबूझकर चुना गया हो सकता है. हालांकि पुलिस अभी भी घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है. परिवार के अनुसार, सगाई के बाद केतन और सिया की बाली यात्रा की योजना बनाई गई थी. लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर केतन का पासपोर्ट नहीं मिला और यात्रा रद्द करनी पड़ी. पुलिस अब इस घटना की भी जांच कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों को शक है कि पासपोर्ट के गायब होने के पीछे भी कोई उद्देश्य हो सकता है.

