साल के पहले छह महीने निवेशकों के लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे। इस दौरान 29 जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से सोना करीब 20% और चांदी 43% तक सस्ती हो गई।
वहीं, सेंसेक्स में 11% और निफ्टी में 8.6% की गिरावट दर्ज की गई। मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें कम न करने के संकेत से सोने-चांदी पर दबाव बना। दूसरी ओर, अमेरिका-ईरान जंग से शेयर मार्केट दबाव में रहा।
सोने और सेंसेक्स में गिरावट के 2 कारण…
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन केविन वॉर्श के सख्त रुख के बाद निवेशकों को ब्याज दरों में जल्द राहत की उम्मीद कम हो गई। इसका असर सोने की मांग पर पड़ा।
ईरान जंग से तनाव के कारण ग्लोबल ग्रोथ और बढ़ती महंगाई के कारण शेयर मार्केट का सेंटिमेंट कमजोर हुआ।

अगले 6 महीने में सोने में 12% तेजी संभव, स्माल कैप और मिडकैप फायदेमंद रहेंगे
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि शॉर्ट टर्म में ETF से निकासी और उतार-चढ़ाव की वजह से सोने में 2% से 5% तक और गिरावट आ सकती है। हालांकि, साल के अंत तक इसमें 12% से 15% की तेजी आने की उम्मीद है।
इक्विनॉमिक्स रिसर्च प्रा. लि. के संस्थापक जी. चोकालिंगम का कहना है कि अगले छह महीनों में स्मॉलकैप और मिडकैप शेयर, सेंसेक्स और निफ्टी जैसे लार्जकैप शेयरों से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
एसबीआई सिक्युरिटीज के सुदीप शाह के मुताबिक, निफ्टी अभी कंसोलिडेशन में है। 23,730–23,700 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट होगा।
विदेशी निवेशकों को लौटने में वक्त लगेगा
आकर्षक वैल्यूएशन और रिकवरी की गुंजाइश: स्मॉलकैप सेगमेंट में अभी भी कई ऐसे शेयर हैं जो सितंबर 2024 के अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे हैं और बेहतर वैल्यूएशन पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा, इस सेगमेंट में यूनिक बिजनेस मॉडल, अधिग्रहण के मौके और बेहतरीन वैल्यू मौजूद है।
FIIs की वापसी में वक्त लगेगा: विदेशी संस्थागत निवेशकों को बाजार में पूरी तरह लौटने में अभी 1 से 2 तिमाही का समय लग सकता है। वे रुपए की विनिमय दर में स्थिरता आने का इंतजार करेंगे।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
असली चांदी की पहचान करने के 4 तरीके
मैग्नेट टेस्ट: असली सिल्वर चुंबक से नहीं चिपकती। अगर चिपक जाए तो फेक है।
आइस टेस्ट: सिल्वर पर बर्फ रखें। असली सिल्वर पर बर्फ तेजी से पिघलती है।
स्मेल टेस्ट: असली सिल्वर में गंध नहीं होती। फेक में कॉपर जैसी गंध आती है।
क्लॉथ टेस्ट: चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ें। अगर काला निशान आए तो असली है।
सोने-चांदी के दाम में इस हफ्ते गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 5,097 रुपए गिरकर 1.40 लाख रुपए हो गया है। इससे पहले ये बीते हफ्ते यानी 20 जून को 1.45 लाख रुपए पर था। वहीं, चांदी 2.32 लाख रुपए किलो से गिरकर 2.17 लाख रुपए पर आ गई है। यानी इसकी कीमत 15,432 रुपए कम हुई।

