बागेश्वरधाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सालिगराम व उसके साथियों पर बीते रोज छतरपुर जिले के राजनगर इलाके के कोड़ा गांव में जमीन विवाद में गोली चलाने का आरोप है। गोलीकांड में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है…
छतरपुर: एमपी के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग और उसके साथी अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
जमीन विवाद में चली थी गोली, युवक रेफर
एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि कोड़ा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर सालिगराम गर्ग और अंकित मिश्रा की गिरफ्तारी की गई है। इस घटना में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन नामजद और एक अज्ञात है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
खगड़िया में मुठभेड़: पुलिस चेकिंग के दौरान दारोगा की पिस्टल छीन भाग रहे बदमाश को लगी गोली
कानून अपना काम करे, हमारा कोई संबंध नहीं: धीरेंद्र शास्त्री
भाई सालिगराम की गिरफ्तारी के पहले ही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, सालिगराम गर्ग से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारा परिवार से कोई संबंध नहीं है, पूरा विश्व ही हमारा परिवार है। कानून उन्हें जो भी कठोर से कठोर सजा देना चाहे, दे। इस मामले में हर बात में हमारा नाम न घसीटा जाए।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

