NATIONAL : मुज़फ्फरनगर में अम्बेडकर जयंती व वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; एडीजी ने ली उच्चस्तरीय बैठक

0
132

मुजफ्फरनगर। आगामी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती और जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी (VVIP) दौरों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मेरठ जोन भानु भास्कर और सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए रूट डायवर्जन और ट्रैफिक मैनेजमेंट का विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने खुफिया विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को उनके क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समितियों के साथ संवाद स्थापित करें और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखें। आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने नागरिकों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here