NATIONAL : असम में बाढ़ का कहर जारी: दो और लोगों की गई जान, 1.28 लाख लोग प्रभावित; केरल में भी बारिश से 15 मौतें

0
106

असम के बाढ़ से दो और लोगों की मौत हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दोनों मौतें शिवसागर जिले में हुईं। इसके साथ ही राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है।

सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार सात जिलों में 1.28 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम सरकार ने बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित 75 हजार से अधिक परिवारों के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये की पहली किस्त अंतरिम राहत के रूप में जारी की।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डिब्रूगढ़ से अंतरिम राहत की पहली किस्त जारी की। सिवासागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों वाले लगभग 75 हजार परिवारों को 15- 15 हजार रुपये मिले। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत प्रभावित पात्र परिवारों के लिए भी सब्सिडी जारी की गई।

केरलम में भी अबतक 15 लोगों की गई जान
केरलम में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या 15 हुई एएनआई के अनुसार केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन ने सोमवार को बताया कि केरल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

अब भी सात लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री ने बारिश से जुड़ी घटनाओं में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा की। तिरुअनंतपुरम में सभी जिला कलेक्टरों के साथ बैठक के बाद सतीसन ने बताया कि लगभग 165 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जिससे 3,596 किसान प्रभावित हुए हैं।

मुआवजे को लेकर सरकार का बड़ा फैसला
केरलम सरकार ने फसल का नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए मुआवजा बढ़ाने का फैसला किया है और इस मामले पर अगली कैबिनेट बैठक में चर्चा की जाएगी। राज्य के पथनामथिट्टा, कोट्टायम और अन्य इलाकों में एनडीआरएफ और सुरक्षा बलों की टीमें तैनात की गई हैं।

इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया। चार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण जिला कलेक्टरों ने 12 जिलों में सभी शिक्षण संस्थानों के लिए छुट्टी की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here