धौलपुर में ईको कार के पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई है. वहीं घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां से उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया है.
राजस्थान के धौलपुर से बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है. दरअसल धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास एक भयानक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे की वजह सड़क पर भरा पानी बना है. बता दें कि सड़क पर भरे पानी से गुजरते समय अनियंत्रित होकर पोखर में ईको कार पलट गई है. इस कार के पलटने से कार में सवार 4 लोगों की मौत हो गई है.
इस बीच हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में ग्रामीणों ने भागकर मोर्चा संभाला है. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर बच्चों और महिलाओं को कार से बाहर निकाला है. घटना के बाद घायलों को ग्रामीणों की मदद से CHC मनियां पहुंचाया गया है. जहां पर उनका इलाज चल रहा है.

पुलिस को दी गई घटना की सूचना
ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं. पुलिस द्वारा हादसे की पीछे की वजह की पूछताछ की जा रही है. साथ ही पुलिस अपनी जांच में जुट गई है. पुलिस द्वारा मृतकों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. ग्रामीणों द्वारा एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है.
डॉक्टर ने दी यह जानकारी
जिला अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि दुर्घटना के बाद 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें से चार को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चार अन्य का इलाज किया गया और उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. तीन लोगों को इलाज की आवश्यकता नहीं थी. फिलहाल इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं यात्रियों में कोहराम मचा हुआ है.

