NATIONAL : राम मंदिर में 70 नहीं, 105 बार हुई चढ़ावा चोरी: चार्जशीट में पता चलेगा कितनी हुई चोरी, सीसीटीवी में सभी घटनाएं

0
36

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को एसआईटी की स्थिति रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों में चढ़ावा चोरी की 70 नहीं, बल्कि 105 घटनाएं दर्ज हैं। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने शीर्ष अदालत को इसकी जानकारी दी।

मेहता ने पीठ को बताया कि जांच दल दो दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल करेगा। जांच में सीसीटीवी फुटेज के साथ आरोपियों के बयान और अन्य साक्ष्य भी शामिल किए गए हैं। एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में 70 चोरी की घटनाओं का जिक्र किया था। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई।

मेहता ने सोमवार को बताया कि पहली गिरफ्तारी से 90 दिन की अवधि 25 सितंबर को पूरी हो रही है। यदि इस तारीख से पहले आरोपपत्र दाखिल नहीं हुआ, तो आरोपियों को डिफॉल्ट जमानत मिल सकती है। इसलिए, दो दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने का निर्णय लिया गया है।

पीठ ने संबंधित मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि आरोपपत्र पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। सुनवाई के दौरान स्थिति रिपोर्ट का गहन अध्ययन किया गया। इस रिपोर्ट में गिरफ्तारियों की संख्या और जुटाए गए सबूतों का विवरण था। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों का भी इसमें जिक्र था। अदालत ने सभी प्रस्तुत जानकारियों को रिकॉर्ड पर दर्ज कर लिया।

याचिकाकर्ताओं ने एसआईटी रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की, पर सुप्रीम कोर्ट ने ठुकरा दिया। स्पष्ट कहा कि वह मामले को सत्र न्यायाधीश के हाथों से नहीं निकालना चाहती। जरूरत पड़ने पर जांच के आदेश दिए जा सकते हैं।

एसआईटी जांच में मंदिर परिसर में चढ़ावे की रकम की गिनती और उसे जमा करने की प्रक्रिया को भी जांच के दायरे में रखा गया। रिपोर्ट के अनुसार मंदिर में मिलने वाले कीमती सामान की रसीद सॉफ्टवेयर के जरिये तैयार की जाती है और बाद में उसे एसबीआई के लॉकर में रखा जाता है।

केस डायरी में सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के बयान, बरामद नकदी और अन्य सामग्री को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। बताया गया कि सीसीटीवी और अन्य सामग्री के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई।

105 घटनाओं में कितनी रकम चोरी हुई, हर आरोपी की भूमिका क्या रही, कितनी रकम बरामद हुई, कौन-कौन से साक्ष्य आरोपों को साबित करने के लिए पेश किए जाएंगे, विस्तृत ब्योरा चार्जशीट में सामने आने की उम्मीद है।

मामले में अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रामशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव व रामशंकर यादव शामिल हैं। इनमें चढ़ावे की गिनती से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपियों से 79.85 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here