छठ पूजा से पहले दिल्ली सरकार दिल्ली और बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है. पहले चरण में 2-3 रूट्स पर बसें चलाने की योजना है.
छठ पूजा पर अपने घर बिहार जाने की तैयारी कर रहे दिल्ली में रहने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत की खबर है. ट्रेनों में टिकट नहीं मिल पाने की वजह से परेशान लोगों के लिए दिल्ली सरकार ने दिल्ली और बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है. सरकार की कोशिश है कि दिवाली और छठ पूजा से पहले कुछ चुनिंदा रूट्स पर बसों का परिचालन शुरू हो जाए.
दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने प्रस्तावित पारस्परिक परिवहन समझौते को लेकर मिले सुझावों पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक कमिटी का गठन किया है. परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद तय रूट्स, किराया और दूसरी शर्तों की जानकारी सार्वजनिक कर दी जाएगी.

सूत्रों के मुताबिक, पहले चरण में दिल्ली और बिहार के बीच 2 या 3 रूट्स पर ही बस सेवा शुरू की जा सकती है. इसके बाद जरूरत और यात्रियों की मांग के आधार पर दूसरे रूट्स पर भी बसें चलाने की योजना है.
दोनों राज्यों के बीच तैयार हुआ था समझौते का ड्राफ्ट
विभाग के मुताबिक दिल्ली से बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने के लिए अगस्त 2026 में दोनों राज्यों के बीच पारस्परिक परिवहन समझौते का ड्राफ्ट तैयार किया गया था. दिल्ली सरकार ने बिहार के अलग-अलग शहरों को जोड़ने वाले 18 रूट्स भी चिह्नित किए हैं.
परिवहन विभाग के अनुसार दोनों राज्यों के बीच तय अंतरराज्यीय मार्गों पर स्टेज कैरिज बसों का संचालन आपसी समझौते में तय रूट्स के मुताबिक होगा. हालांकि, अभी अंतिम रूट तय नहीं हुए हैं. सुझावों पर कमिटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा.
सरकार का कहना है कि बढ़ती परिवहन जरूरतों और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र को बिहार से बेहतर तरीके से जोड़ने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है. फिलहाल दिल्ली और बिहार के बीच सरकारी बसों का संचालन नहीं होता है. हालांकि, दोनों राज्यों के बीच बड़ी संख्या में प्राइवेट बसें चलती हैं.
सरकार अब इस कनेक्टिविटी को और बेहतर करना चाहती है. इसके लिए प्राइवेट बस ऑपरेटर्स के साथ तय नियमों के आधार पर समझौता भी किया जा सकता है. कोशिश है कि दिवाली और छठ पूजा से पहले कम से कम 2-3 रूट्स पर बस सेवा शुरू हो जाए.
प्रदूषण मानकों का भी रखना होगा ध्यान
प्रस्तावित समझौते में बसों के प्रदूषण मानकों को भी शामिल किया गया है. इसके तहत सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को अनुमति होगी. वहीं, अंतरराज्यीय मार्गों पर चलने वाली डीजल बसों के लिए BS-VI या उससे नए उत्सर्जन मानकों का पालन करना जरूरी होगा.
इन शहरों के लिए प्रस्तावित हैं बस रूट
सरकार ने दिल्ली से पटना के लिए चार रूट प्रस्तावित किए हैं, जिनकी दूरी करीब 1045 से 1182 किलोमीटर के बीच है. इसके अलावा दिल्ली से बिहार शरीफ, अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गयाजी, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और नवादा के लिए भी बस सेवा प्रस्तावित है.
11 साल से फरार उम्रकैदी हिमाचल से गिरफ्तार, फरलो पर जेल से हुआ था फरार
इन रूट्स में दिल्ली-बिहार शरीफ की दूरी 1109 किमी, अररिया 1348 किमी, भागलपुर 1280 किमी, बक्सर 915 किमी, दरभंगा 1167 किमी, पूर्वी चंपारण 1043 किमी, गयाजी 1078 किमी, किशनगंज 1416 किमी, मधुबनी 1198 किमी, मुजफ्फरपुर 1110 किमी और नवादा 1206 किमी बताई गई है.

