AC TV Firdge Price Hike: अगर आप इस फेस्टिव सीजन में घर के लिए AC, TV, फ्रिज या वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो बजट थोड़ा बढ़ाना पड़ सकता है। अक्टूबर की शुरुआत आपके लिए महंगी खरीदारी लेकर आ सकती है। कंपनियां बढ़ती लागत का असर अब सीधे उत्पादों की कीमतों पर डालने की तैयारी में हैं। कहा जा रहा है कि 1 अक्टूबर से कंपनियां AC, LED TV, वॉशिंग मशीन और फ्रिज जैसे प्रोडक्ट्स की कीमतों में 8 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं।
इंटरनेशनल मार्केट में कॉपर, स्टील, एल्युमीनियम और क्रूड ऑयल से जुड़े कच्चे माल की कीमतों में तेजी आई है। वहीं करेंसी में उतार-चढ़ाव की वजह से कंपनियों ने दाम बढ़ाने का फैसला किया है। साल 2026 में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री की तरफ से यह कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी होगी।
AC की कीमत 5-8% तक बढ़ सकती है
नई कीमत बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर एयर कंडीशनर पर पड़ सकता है। इंडस्ट्री के मुताबिक AC की कीमतों में करीब 5-8% तक इजाफा हो सकता है। वहीं, कुछ कंपनियां LED TV, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की कीमतों में करीब 3-4% तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। हालांकि, हर कंपनी कीमत बढ़ाने का फैसला एक ही तारीख से लागू नहीं करेगी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स अलग-अलग कैटेगरी में कीमत बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं। LG और बॉश होम कंफर्ट ने भी AC की कीमतों में करीब 5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। वहीं पैनासोनिक अभी लागत और बाजार की स्थिति के आकलन में जुटी हुई है।
ब्लू स्टार के एमडी बी थियागराजन का कहना है कि युद्ध के कारण तांबा, लोहा और प्लास्टिक समेत सभी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार लागत लगभग 15% बढ़ गया है, जबकि जीएसटी के लगभग 10% लाभ से खरीदारों पर कुल प्रभाव करीब 5% तक कम होगा।
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कमल नंदी का कहना है कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद कमोडिटी लागत में 8-10% की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग कैटेगरी में 5-7% की कीमत बढ़ोतरी जरूरी हो गई है। हालांकि, कंपनियां इसे अलग-अलग समय पर लागू कर सकती हैं। कुछ अक्टूबर से और कुछ नवंबर से नई कीमतें लागू कर सकती हैं।

