NATIONAL : ‘6 साल जेल में रहा, तब भी नहीं सीखी’, संजय दत्त ने मराठी बोलने से किया इनकार, ताकते रह गए महाराष्ट्र के मंत्री

0
38

महाराष्‍ट्र में ऑटो-टैक्‍सी वालों के ल‍िए अन‍िवार्य मराठी भाषा व‍िवाद के बीच संजय दत्त का एक बयान चर्चा में है। एक्‍टर ने राज्य के पर‍िवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के कहने के बावजूद मंच पर मराठी बोलने से इनकार कर द‍िया। दो टूक शब्‍दों में कहा- मैं 6 साल येरवडा जेल में रहा, तब भी मराठी नहीं सीखी।

‘6 साल जेल में रहा, तब भी नहीं सीखी’, संजय दत्त ने मराठी बोलने से किया इनकार, ताकते रह गए महाराष्ट्र के मंत्री
महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर हालिया विवाद ने एक नया रंग ले लिया है। राज्य में ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों के लिए कामचलाऊ मराठी सीखना अनिवार्य करने के बीच संजय दत्त का ताजा बयान सामने आया है। मामला मुंबई में रविवार को आयोजित एक दही हांडी कार्यक्रम का है। बॉलीवुड एक्‍टर ठाणे में शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान जब संजय दत्त ने माइक लिया तो हिंदी में बोलने लगे। इस पर मंत्री जी ने उन्‍हें टोका और मराठी में बात करने का अनुरोध किया। लेकिन 67 साल के एक्‍टर ने दो टूक शब्‍दों में कहा कि वह ऐसा नहीं करेंगे। संजय दत्त ने मजाकिया लहजे में कहा, ‘मैं 6 साल तक येरवडा जेल में रहा, तब भी मराठी भाषा नहीं सीख पाया।’

संजय दत्त का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए बुनियादी या कामचलाऊ मराठी भाषा जानना अनिवार्य किया है। इसको लेकर खूब शोर मचा हुआ है। खासकर उत्तर भारतीयों को लेकर। हालांकि, संजय दत्त का अंदाज मजाकिया था, लेकिन अब इसको लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है।

आजकल मैं सभी लोगों को मराठी सिखा रहा हूं तो मैंने सोचा कि उनके आने के बाद, क्यों न हम सब संजय दत्त से मराठी में बात करवाएं।

प्रताप सरनाईक बोले- आजकल मैं सबको मराठी सिखा रहा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इवेंट के वीडियो में संजय दत्त और प्रताप सरनाईक स्टेज पर खड़े हैं। इसी बीच मंत्री जी कहते हैं, ‘आजकल मैं सभी लोगों को मराठी सिखा रहा हूं।’ यह बात परिवहन मंत्री ने हालिया नियम के संदर्भ में कही। उनकी बात पर जहां मंच पर मौजूद लोगों के चेहरे पर थोड़ी हंसी बिखर गई, वहीं प्रताप सरनाईक ने मराठी में आगे कहा, ‘तो मैंने सोचा कि उनके आने के बाद, क्यों न हम सब संजय दत्त से मराठी में बात करवाएं। वह हिंदी में बात करते हैं, लेकिन हम सभी मराठी समझते हैं।’

इसके बाद संजय दत्त ने झट से माइक हाथ में लिया और पहले ‘हर हर महादेव’ के नारे लगाए, फिर मजाकिया लहजे में ही जवाब दिया, ‘प्रताप भाई, मैं 6 साल जेल में रहा, येरवडा में। तब भी मराठी नहीं सीख पाया। मैंने थोड़ी सी सीखी थी।’ फिर एक्टर ने इसके बाद प्रताप सरनाईक के कंधे पर हाथ रखा और उन्हें अपना पुराना दोस्त और भाई बताया। संजय दत्त ने आगे कहा, ‘मैं प्रताप भाई का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यहां बुलाया। हमारा रिश्ता बहुत पुराना है, 25 साल हो गए हैं।’

यूजर्स बोले- काश, ये बात ऑटो-टैक्‍सी वाले भी बोल बाते
बहरहाल, स्टेज पर संजय दत्त की यह बेबाकी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। एक यूजर ने लिखा है, ‘सिर्फ संजय दत्त या सलमान खान ही किसी मंत्री को इस तरह मना कर सकते हैं और फिर भी मुस्कुरा सकते हैं।’ एक दूसरे यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘उन्होंने इसे स्टाइल के साथ नजरअंदाज किया।’ एक तीसरे यूजर ने लिखा, ‘मतलब साफ है, मराठी भाषा का अनिवार्य होना सिर्फ शहर के ऑटो-रिक्‍शा और टैक्‍सी वालों के लिए है, बड़े लोगों के लिए नहीं।’ इसी बात पर आगे तंज कसते हुए एक यूजर ने कहा, ‘विडंबना देख‍िए, काश शहर के ऑटो वाले भी ऐसा कह पाते और भारी जुर्माने से बच पाते।’

कुछ यूजर्स बोले- पूरी जिंदगी महराष्‍ट्र में रहे, फिर भी मराठी नहीं आती
हालांकि, इस बीच कई यूजर्स ऐसे भी हैं जो संजय दत्त के मराठी में नहीं बोलने से नाराज दिखे। एक ने लिखा, ‘आप पूरी जिंदगी महाराष्ट्र में रहे, फिर भी आपको मराठी नहीं आती। यह शर्मनाक है।’ एक अन्‍य ने लिखा, ‘संजय दत्त बचपन से मुंबई में रह रहे हैं और वे खुद कहते हैं कि येरवडा जेल में 6 साल बिताने के बाद भी वे मराठी नहीं सीख पाए। उन्होंने बिना किसी शर्म के सबके सामने यह बात खुलकर मानी।’

बीजेपी विधायक ने मंत्री प्रताप सरनाईक पर साधा निशाना
संजय दत्त के बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी के विधायक नरेंद्र मेहता ने सवाल उठाए हैं। उन्‍होंने इसे प्रताप सरनाईक की ‘कथनी और करनी’ से जोड़ा है। कहा, ‘अगर कोई कलाकार मराठी नहीं जानता तो उस पर आप हंसते हैं, लेकिन दूसरी तरफ आम रिक्‍शा चालकों पर मराठी भाषा को लेकर दबाव बनाया जाता है। यह कैसा न्याय है? एकनाथ शिंदे ने उन्हें कभी कुछ करने नहीं दिया। वहां डमी मंत्री की जरूरत है, इसलिए वे हैं।’

2026 में अब तक रिलीज हो चुकी हैं संजय दत्त की 6 फिल्‍में
बहरहाल, संजय दत्त के वर्कफ्रंट की बात करें तो इस साल अभी तक उनकी 6 फिल्‍में रिलीज हो चुकी हैं। इनमें प्रभास के साथ ‘द राजा साब’, रणवीर सिंह के साथ ‘धुरंधर: द रिवेंज’, ध्रुव सरजा के साथ ‘केडी: द डेविल’, रितेश देशमुख के साथ ‘राजा श‍िवाजी’, ‘आख‍िरी सवाल’ और हालिया रिलीज अरबी फ‍िल्म ‘7 डॉग्स’ में कैमियो रोल शामिल है। आगे वह ‘बाप’ और ‘खलनायक रिटर्न्‍स’ में नजर आने वाले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here