BHAKTI : महाशिवरात्रि पर देवघर में अनोखी शिव बारात, नारी शक्ति और साइबर क्राइम के खिलाफ दिया जाएगा संदेश!

0
45

झारखंड के देवघर में महाशिवरात्रि पर आज शिव बारात निकाली जाएगी. इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने अपनी तरफ से तैयारी पूरी कर ली है. जानें इसके बारे में.

देश भर में महाशिवरात्रि की धूम है, लेकिन झारखंड की बाबा नगरी देवघर में इसका उत्साह अद्भुत है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, बाबा बैद्यनाथ धाम में शिव और शक्ति के मिलन यानी महाशिवरात्रि की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरा शहर रोशनी से नहाया हुआ है और प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद है. देखिए देवघर से यह खास रिपोर्ट

बाबानगरी देवघर इस वक्त मानो साक्षात देवलोक में बदल गई है. महाशिवरात्रि के पावन मौके पर यहां न केवल देश के कोने-कोने से बल्कि विदेशों से भी शिवभक्त बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह का साक्षी बनने पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और पारंपरिक फूलों से सजाया गया है.

महाशिवरात्रि की रस्मों की शुरुआत यहां सदियों पुरानी परंपरा के साथ होती है. मंदिर के शिखर पर स्थापित पंचशूल को फाल्गुन मास की एकादशी के दिन विधि-विधान से नीचे उतारा जाता है. इसके बाद शुद्धिकरण और विशेष तांत्रिक पूजा के साथ द्वादशी और त्रयोदशी को इसे पुनः शिखर पर स्थापित किया जाता है. मान्यता है कि यहीं से बाबा और माता के गठबंधन की रस्म शुरू होती है.

पूजा-पाठ के साथ-साथ देवघर की ऐतिहासिक ‘शिव बारात’ आकर्षण का मुख्य केंद्र है. इस बार शिव बारात में आस्था के साथ-साथ सामाजिक संदेशों का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा. झांकियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.इस बार बारात में ‘महिला विश्व कप विजेता टीम’ का भव्य कट-आउट नारी शक्ति का संदेश देगा, वहीं साइबर क्राइम पर आधारित झांकी लोगों को डिजिटल अपराध के प्रति जागरूक करेगी. इसके अलावा डाकू अंगुलीमाल की कहानी के जरिए अधर्म से धर्म की ओर लौटने का संदेश दिया जाएगा.

बारात में सैकड़ों कलाकार शिव, पार्वती, गणेश और भूत-प्रेत के वेश में नृत्य करते नजर आएंगे, जिनके स्वागत के लिए पूरा शहर पलकें बिछाए तैयार है.लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है. शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए वॉच टॉवर और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस कप्तान सौरभ ने संभाल रखी है. मेले में दो रैफ (RAF) की कंपनियों के साथ 2000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. पॉकेटमारों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी.

बहरहाल ढोल-नगाड़ों की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ देवघर शिव बारात के स्वागत के लिए तैयार है. सुरक्षा चाक-चौबंद है और भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर. जाहिर है, इस बार की महाशिवरात्रि देवघर में ऐतिहासिक होने वाली है.वही दुमका के बासुकीनाथ जिसे फ़ौजदारी बाबा के नाम से जाना जाता है . शिव विवाह को लेकर बिल्कुल तैयार है. मिथिला से अपनी बेटी की विवाह मे शामिल होनें और अपने शिव रूपी दामाद का खातिरदारी करने पहुंचे हुये है.

यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

अंकुर अग्निहोत्री ज्योतिष और धार्मिक विषय के जानकर हैं, ये बीते एक साल से abplive.com से जुड़े हुए हैं और विभिन्न विषयों पर लेखन कार्य कर रहे हैं. इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता की डिग्री प्राप्त की है. दिल्ली में जन्मे अंकुर अग्निहोत्री को अंक शास्त्र, वैदिक ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, स्वप्न शास्त्र में विशेष रुचि रखते हैं. ये डिजीटल प्लेट फॉर्म पर ज्योतिष को लोकप्रिय और इसकी विश्वनीयता को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, इनका मकसद नई पीढ़ी को ज्योतिष, धर्म और आध्यत्म की शक्ति से रूबरू कराना है. ज्योतिष व धर्म के साथ इनको साहित्य पढ़ने और फिल्में देखने का भी शौक है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here