हरियाणा में इन खिलाड़ियों को बड़ा झटका, रद्द होंगे खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेशन.

0
109

हरियाणा के 76 खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन खिलाड़ियों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट्स को खेल विभाग ने संदेह के दायरे में पाया है। हालांकि इन सभी के सर्टिफिकेट विभाग के ही उपनिदेशकों (डिप्टी डायरेक्टर) की ओर से जारी किए गए हैं। विभाग की ग्रेडेशन वैरिफिकेशन कमेटी ने अपनी जांच में पाया कि सर्टिफिकेट विभागीय पॉलिसी के नियमों के तहत जारी नहीं किए गए हैं।

विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क के आदेशों पर विभाग के उपनिदेशक (खेल) मंजीत सिंह की ओर से चारों खेल मंडलों – हिसार, रोहतक, गुरुग्राम व अंबाला के डिप्टी डायरेक्टर के पत्र लिखा है। साथ ही, पंद्रह जिलों के जिला खेल अधिकारियों को भी पत्र भेजा है। इन जिलों में भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनौल, पलवल, पानीपत रोहतक व सोनीपत शामिल हैं।

खेल मंडलों के उपनिदेशकों को खिलाड़ियों की लिस्ट भेजते हुए निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों से संबंधित खिलाड़ियों को उनका पक्ष रखने का मौका दें। सुनवाई के बाद खेल ग्रेडेशन प्रमाण-पत्रों को नियमानुसार रद्द करने की सिफारिश करने के निर्देश भी उपनिदेशकों को दिए हैं। जिन 76 खिलाड़ियों के ग्रेड ग्रेडेशन सर्टिफिकेट पर सवाल उठाए हैं, उनमें से 27 खिलाड़ियाें के पास ‘ग्रेड-सी’ के सर्टिफिकेट हैं और बाकी के पास ‘ग्रेड-डी’ के सर्टिफिकेट हैं।

हरियाणा सरकार ने खेल कोटे के तहत खिलाड़ियों के सरकारी नौकरी के नियम बनाए हुए हैं। हालांकि इससे जुड़ी पॉलिसी में संशोधन भी होते रहे हैं। विभिन्न प्रकार के खेलों में भागीदारी व मैडल हासिल करने पर खिलाड़ियों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिए जाते हैं। नायब सरकार अब कई विभागों में खेल कोटे को बहाल कर चुकी है। वहीं खेल विभाग में सीधे डिप्टी डायरेक्टर नियुक्त करने की शुरूआत मनोहर सरकार के समय से ही हो गई थी।

जानिए किस जिले के कितने खिलाड़ी

जिला खिलाड़ी

  • भिवानी 21
  • फरीदाबाद 02
  • फतेहाबाद 02
  • हिसार 09
  • झज्जर 01
  • जींद 07
  • कैथल 03
  • करनाल 03
  • कुरुक्षेत्र 05
  • महेंद्रगढ़ 03
  • पलवल 02
  • पानीपत 02
  • रोहतक 05
  • सोनीपत 10
  • रोहतक 01
  • दादरी 01

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here