नई दिल्ली स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा के केंद्रीय कार्यालय, हिंदू महासभा भवन (मंदिर मार्ग) में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री पूनम पांडे ने परम पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज से विधिवत आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर वैदिक रीति-विधान के अनुसार हवन एवं यज्ञ अनुष्ठान सम्पन्न हुआ, जिसके मुख्य आचार्य पंडित दीपक शास्त्री जी रहे। तत्पश्चात पूनम पांडे ने श्रद्धापूर्वक चक्रेश्वर हिन्देश्वर महादेव मंदिर में भगवान महादेव का अभिषेक एवं पूजन किया।
मंगलवार के पावन अवसर पर सर्वजन की उपस्थिति में हनुमान चालीसा का सार्वजनिक सामूहिक पाठ किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आयोजित हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी सहभागिता की थी। साथ ही यह भी विदित हो कि हिंदू महासभा के कार्यकर्ता एवं संत महासभा देशभर में प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करते हैं।
परम पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने पूनम पांडे को रुद्राक्ष माला, जय श्रीराम का पटका एवं देवी उपहार प्रदान कर सम्मानित किया तथा अपनी लिखित पुस्तक “वैदिक चिंतन में मानव मूल्य एवं सेवा भाव” भेंट की। आशीर्वचन में महाराज जी ने कहा कि सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में समाज के प्रत्येक वर्ग की सकारात्मक भूमिका अपेक्षित है।
इस अवसर पर महंत विजय कृष्ण पांडे जी (दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष) सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान “जय श्री राम”, “हर हर महादेव” एवं “सनातन धर्म की जय” के उद्घोष गूंज उठे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
पूनम पांडे ने परम पूज्य स्वामी चक्रपाणि जी महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विभिन्न टीवी चैनलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम का कवरेज किया।
(ज्ञातव्य): यह दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम था, जिसके अंतर्गत पूनम पांडे ने पूर्व दिवस में वृंदावन एवं मथुरा में भी दर्शन किए थे।


