BOLLYWOOD : विजय-रश्मिका की शादी में जापानी खाना, मेहमानों के बीच लागू हुई ‘नो फोन’ पॉलिसी

0
166

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. दोनों की शादी को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. लंबे समय से जिनकी जोड़ी को पर्दे पर पसंद किया गया, अब वही जोड़ी असल जिंदगी में भी सात फेरे लेने वाली है. 26 फरवरी को मशहूर होटल मेमेंटोज बाय आईटीसी होटल्स, एकाया उदयपुर में शादी का आयोजन शाही अंदाज में किया जा रहा है. यह जगह अपनी भव्यता के लिए जानी जाती है. 

शादी में है जापानी मेन्यू 

इस शादी की सबसे दिलचस्प बात है इसका खास मेन्यू. मेहमानों के लिए भारतीय खाने के बजाय जापानी व्यंजन परोसे जाएंगे. हाल ही में रश्मिका ने सोशल मीडिया पर प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की एक झलक शेयर की थी. तस्वीरों में सजी हुई टेबल, हल्की रोशनी और खूबसूरत सजावट नजर आई. गुलाबी लिली और हल्के हरे रंग के हाइड्रेंजिया फूलों से सजी मेज को सेब और अंगूरों के साथ सजाया गया था, जैसे कोई लग्जरी गार्डन पार्टी हो. मेन्यू कार्ड पर जापानी डिशेज के नाम लिखे थे, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह शादी कुछ हटकर और खास होने वाला है.

शादी में रखे गए सख्त नियम 

शादी को पूरी तरह निजी रखा गया है. इसमें सिर्फ परिवार के करीबी सदस्य और खास दोस्त ही शामिल होंगे. खबरों के मुताबिक, शादी में ‘नो फोन’ पॉलिसी लागू की गई है. कोई भी मेहमान अपने मोबाइल से फोटो या वीडियो नहीं ले सकेगा. इसके अलावा मेहमानों से गोपनीयता बनाए रखने के लिए एनडीए भी साइन करवाए जा रहे हैं, ताकि शादी की कोई भी तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर लीक न हो.

शादी के बाद होगा रिसेप्शन 

बता दें, दोनों की प्रेम कहानी साल 2018 में शुरु हुई थी. फिल्म गीता गोविंदम में दोनों पहली बार साथ नजर आए. फिल्म में उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके बाद वे डियर कॉमरेड में भी साथ दिखाई दिए. ऑन-स्क्रीन जोड़ी धीरे-धीरे ऑफ-स्क्रीन भी चर्चा में रहने लगी. हालांकि दोनों ने कभी खुलकर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया. अब जब शादी की खबर सामने आई है, तो फैंस बेहद खुश हैं. शादी के बाद 4 मार्च को एक शानदार रिसेप्शन भी रखा जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here