टीवी एक्ट्रेस माही विज की बेटी तारा ने स्कूल में गोल्ड मेडल जीतकर परिवार को गर्व महसूस कराया है. माही ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए भावुक नोट लिखा और खुशी दिखाई.टीवी एक्ट्रेस माही विज इन दिनों बहुत खुश नजर आ रही हैं. उनकी छोटी बेटी तारा ने स्कूल के एक कार्यक्रम में गोल्ड मेडल जीतकर उनका नाम रोशन किया है और इस खास पल को माही विज ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ शेयर किया. बेटी की इस जीत को लेकर उन्होंने एक इमोशनल नोट लिखा, जिसमें एक काम करने वाली मां के रूप में अपने अनुभव और इमोशंस को खुलकर दिखाया है.

माही विज ने अपने इंस्टाग्राम पर तारा की कई तस्वीरें और वीडियो शेयर कर लिखा, ‘आज मेरी छह साल की बेटी ने गोल्ड मेडल जीता है और मेरा दिल गर्व से भर गया है. ऐसे बहुत से दिन होते हैं जब मैं काम में बिजी रहती हूं और उसकी दिनचर्या के साथ तालमेल बैठाने की कोशिश करती हूं. कई बार मैं उसके स्कूल के कार्यक्रमों में नहीं जा पाती, कई खूबसूरत पलों को मिस कर देती हूं और कभी-कभी दूसरी मांओं की मदद भी लेनी पड़ती है. एक मां होने के नाते कई बार मन में यह सवाल भी आता है कि क्या मैं अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा पा रही हूं या नहीं.’
माही ने आगे लिखा, ‘आज तारा, तुमने मुझे बहुत गर्व और हिम्मत का एहसास कराया है. जिस तरह तुम अपनी काम करने वाली मां को समझती हो और सिर्फ छह साल की उम्र में भी इतनी समझदारी और प्यार के साथ हर चीज संभालती हो, यह सच में बहुत खूबसूरत है. मुझे जब भी छुट्टी मिलती है और मैं तुम्हें बढ़ते हुए देखती हूं, तो मुझे याद आता है कि मैं इतनी मेहनत क्यों करती हूं. मैं हर चीज को संतुलित करने की पूरी कोशिश कर रही हूं और तुम ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हो. तुम ही मेरी पूरी दुनिया हो, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं. बधाई हो, मेरी प्यारी बच्ची.’
बता दें कि माही विज और उनके एक्स हसबैंड जय भानुशाली अक्सर अपनी बेटी तारा को लेकर चर्चा में रहते हैं. हाल ही में दोनों ने करीब 14 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला लिया था, जिसके बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था. अपने बयान में उन्होंने साफ कहा था कि उनके रिश्ते में किसी तरह की कड़वाहट या नेगेटिविटी नहीं है. अलग होने के बावजूद दोनों अपने बच्चों तारा, राजवीर और खुशी की परवरिश साथ मिलकर करेंगे. माही के इस पोस्ट पर जय भानुशाली ने भी कमेंट कर तारा की जीत पर खुशी जताई.


