शुक्रवार को देश में सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिल रही है. 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत में 2620 रुपये की गिरावट आई है. 22 और 18 कैरेट का भी रेट कम हुआ है.
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. अमेरिका में जनवरी महीने के लिए उम्मीद से बेहतर रोजगार के आंकड़ों में फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया. इसके चलते दुनियाभर में सोने की कीमतों में गिरावट आई. आज चांदी की कीमत भी गिरी है.
रोजगार के बढ़ते आंकड़ों से मतलब है कि अमेरिका में लेबर मार्केट मजबूत बना हुआ है. यानी कि इकोनॉमी भी अभी सही दिशा में है. ऐसे में फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती करने की संभावनाएं भी काफी कम हो गई हैं. ब्याज दरें ऊंची रहने पर सोने की अपील कम हो जाती है. वहीं, दूसरी तरफ जनवरी में भारत की रिटेल महंगाई बढ़कर 2.7 परसेंट हो गई. अब निवेशकों को शुक्रवार, 13 फरवरी को आने वाले US महंगाई के डेटा का इंतजार रहेगा, जो शॉर्ट-टर्म के लिए सोने-चांदी की कीमतों के लिए दिशा तय करेगा.
भारत में आज 24 कैरेट सोने की कीमत प्रति ग्राम 262 रुपये कम हुई है. इसी के साथ आज देश में 24 कैरेट सोने की कीमत 15578 रुपये प्रति ग्राम है. इस बीच, भारत में 22 कैरेट सोने का रेट 240 रुपये प्रति ग्राम गिरकर 14280 रुपये प्रति ग्राम हो गया है. इसी तरह से 18 कैरेट सोने की कीमत 196 रुपये की कमी के साथ 11684 रुपये प्रति ग्राम पर आ गई है.

मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल, पुणे जैसे शहरों में आज प्रति ग्राम के हिसाब से 24 कैरेट सोने की कीमत 15578 रुपये है. वहीं, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत क्रमश: 14280 और 11684 रुपये प्रति ग्राम है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 15593 रुपये प्रति ग्राम है. यहां 22 कैरेट सोने की कीमत प्रति ग्राम के हिसाब से 14295 रुपये और 18 कैरेट की कीमत 11699 रुपये है.चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, सेलम, त्रिची में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 15709 रुपये प्रति ग्राम है.इस तरह से 22 कैरेट सोने की कीमत 14400 रुपये और 18 कैरेट की कीमत 12400 रुपये है.
चांदी में भी गिरावट
शुक्रवार को चांदी की कीमत में प्रति किलो के हिसाब से 15000 रुपये की गिरावट आई है. इसी के साथ आज इसकी कीमत 2,80,000 रुपये प्रति किलो है. इस तरह से प्रति एक ग्राम के हिसाब से कीमत में 15 रुपये की गिरावट आई है. दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, पुणे, वडोदरा, अहमदाबाद जैसे तमाम शहरों में आज 10 ग्राम चांदी की कीमत 2800 रुपये, 100 ग्राम चांदी की कीमत 28000 रुपये और 1 किलो चांदी की कीमत 2,80,000 रुपये है.

