यूपी में ठंड ने बढ़ाई टेंशन! “कोल्ड डे” का अलर्ट जारी

0
116

प्रदेश में भीषण ठंड का सितम जारी है। इसे लेकर मौसम विभाग ने कोल्ड डे” का अलर्ट जारी कर दिया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहेगा। पांच जनवरी को लखनऊ में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। रात के तापमान में गिरावट से गलन बढ़ेगी।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस समय प्रदेश में घने कोहरे की स्थिति है, जिससे राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में जीरो विजीबिलिटी (दृष्टि की स्थिति) हो गई है। कोहरे के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट आई है और पिछले कई दिनों से शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रही है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही उत्तरी-पश्चिमी हवाओं की गति कमजोर होगी और पुरवा हवाओं का असर बढ़ेगा। इससे तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, और 5 जनवरी से कोल्ड डे की स्थिति में राहत मिल सकती है।

वहीं देश की राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने बताया कि पहली बार इतने लंबे समय तक कोहरा छाया रहा। अधिकारियों के अनुसार, घने कोहरे के कारण शनिवार को 81 रेलगाड़ियां विलंब से चलीं, जबकि 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। पालम में शाम छह बजे से सुबह तीन बजे तक नौ घंटे के लिए दृश्यता शून्य रही। इस मौसम में कोहरा छाए रहने की यह सबसे लंबी अवधि है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग ने आठ घंटे तक शून्य दृश्यता दर्ज की। उसने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से महज 0.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here