देहरादून के नकरौंदा में तेज रफ्तार कार ने एक मासूम बच्ची की जान ले ली. सीसीटीवी फुटेज में भयावह मंजर कैद हुआ. चालक बच्ची को अस्पताल ले गया, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नकरौंदा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की जान चली गई. इस घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं.
वायरल हो रहे CCTV फुटेज में घटना का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है. फुटेज के अनुसार मासूम बच्ची सड़क के किनारे खड़ी थी या सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि बच्ची को संभलने या बचने का कोई मौका तक नहीं मिला. फुटेज देख कर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए.

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. रायपुर और डोईवाला क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी रीना राठौर ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है. दुर्घटना के बाद कार चालक खुद ही बच्ची को लेकर रायपुर स्थित अस्पताल पहुंचा लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत मिलते ही आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दुख का माहौल है. लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं जिससे मासूमों और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवासीय क्षेत्रों में वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके.


