DELHI : करण औजला के कॉन्सर्ट में जुटेंगे 50 हजार फैंस! ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, आज रूट डायवर्जन

0
39

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज, 28 फरवरी को पंजाबी पॉप स्टार करण औजला का बड़ा लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट है, जिसमें 45,000 से 50,000 फैंस के आने की उम्मीद है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और रूट एडवाइजरी जारी की है.

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (JLN Stadium) में आज (शनिवार), 28 फरवरी को पंजाबी पॉप सुपरस्टार करण औजला का धमाकेदार लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट होने वाला है. यह कॉन्सर्ट “P-POP CULTURE INDIA TOUR 2026” का हिस्सा है, जिसमें करीब 45,000 से 50,000 फैंस के पहुंचने की उम्मीद है. इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक व्यवस्था की है.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक स्टेडियम के आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. यह कॉन्सर्ट दिल्ली में करण औजला का सबसे बड़ा शो है, जहां फैंस उनके हिट गानों जैसे ‘Softly’, ‘Admiring You’ और ‘Winning Speech’ पर झूमने वाले हैं. स्टेडियम में गेट्स शाम को खुलेंगे और माहौल जोरदार रहने की उम्मीद है. ऐसे में ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया है.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, खास तौर पर BP मार्ग (बिश्मा पितामह मार्ग), लोधी रोड और स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर भारी वाहनों को शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक जाने की मनाही है. वहीं, इवेंट के दौरान जिन रास्तों पर रूट डायवर्ट रहेगा उनमें JLN रेड लाइट, सेवा नगर बस डिपो रेड लाइट, 5th एवेन्यू रोड (डबल स्टोरी मार्केट/धोबी घाट), प्रगति विहार रेड लाइट, लाला लाजपत राय मार्ग टी-पॉइंट, JLN गेट नंबर 5 के पास बारापुल्लाह कट, जंगपुरा मेट्रो स्टेशन/सूचना भवन टी-पॉइंट शामिल हैं.

लोगों के लिए सलाह है कि BP मार्ग, लोधी रोड और JLN स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर आज शाम पीक आवर्स में जाने से बचें. अगर आपको एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाना है, तो अतिरिक्त समय लेकर निकलें. वहीं, कॉन्सर्ट देखने आने वाले फैंस मेट्रो का इस्तेमाल करें. इसके लिए JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन (वायलेट लाइन) सबसे सुविधाजनक है.

किस गेट से मिलेगी एंट्री?
स्टेडियम के दर्शकों की एंट्री गेट नंबर 2, 6, 8, 13, 14 और 21 से होगी.
VIP एंट्री गेट नंबर 13 से होगी.
आर्टिस्ट और ऑर्गनाइजर्स की एंट्री गेट 6 से होगी.
जबकि इमरजेंसी के लिए गेट 1 और 10 (रिजर्व) हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here