DELHI : LPG किल्लत के बीच कुछ दिन के लिए भूल जाएं भटूरों का स्वाद! CP की फेमस दुकान पर लिखा- ‘अब केवल…’

0
135

ईरान-इजरायल संघर्ष से भारत में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है, जिससे दिल्ली के कनॉट प्लेस जैसे लोकप्रिय फूड हब भी प्रभावित हैं. यहां छोले-भटूरे जैसी पसंदीदा व्यंजन उपलब्ध नहीं हैं.

ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है. कमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से कई राज्यों में 20 फीसदी तक होटल बंद हो गए हैं. बाहर के खाने पर निर्भर करने वाले बैचलर और अन्य लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है. वहीं, फूड बिजनेस पर भी भारी असर पड़ा है. दिल्ली का लोकप्रिय कनॉट प्लेस भी इस मार से अछूता नहीं है.

दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में फेमस फूड जॉइंट्स को भी इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है. केवल बिजनेस ही नहीं, लोग भी अब अपने पसंदीदा स्वाद के लिए कुछ दिन तरसने को मजबूर हैं. दरअसल, सीपी के फेमस छोले-भटूरे की दुकान पर अब आपको भटूरे नहीं केवल चावल मिलेंगे.

छोले-भटूरे की दुकान पर पोस्टर लगाया गया है जिसपर लिखा है, “अब सिर्फ चावल मिलेंगे.” यहां की गलियों में दशकों से एक दुकान है जो छोले-भटूरे के लिए मशहूर है. लोग मीलों दूर से यहां केवल छोले के चटकारे लेने आया करते हैं, लेकिन अब उस दुकान के बाहर एक पोस्टर चिपका दिया गया है कि वहां पर चावल के अलावा कुछ नहीं मिल पाएगा.यह सिर्फ एक दुकान की बात नहीं है. ये उस आग की कहानी है जो हजारों किलोमीटर दूर ईरान और इजरायल के बीच लगी है और जिसकी तपिश अब भारत की रसोई तक पहुंच गई है.

वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के बीच एलपीजी आपूर्ति में अनियमितता के कारण दिल्ली के कई रेस्टोरेंट ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं. इस वजह से परोसे जाने वाले व्यंजनों में फेरबदल, लागत बढ़ने और कर्मचारियों के वेतन को लेकर चिंता जैसी समस्याएं पैदा होने लगी हैं. उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि कई रोस्टोरेंट फिलहाल वैकल्पिक इंतजामों के जरिये स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन व्यवधान लंबे समय तक जारी रहने पर छोटे प्रतिष्ठानों के लिए बढ़ती लागत को संभाल पाना मुश्किल हो सकता है.

सरकार ने पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को एलपीजी उत्पादन, सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है. गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरत पूरी होने के बाद ही अन्य उद्योगों को गैस दी जाएगी.

दिल्ली के शाहदरा स्थित रेस्टोरेंट ‘अर्बन कबाब’ में भी एलपीजी स्टॉक खत्म हो चुका है और अनियमित आपूर्ति के कारण रोजमर्रा के रसोई संचालन में कठिनाई हो रही है. अगर स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो परिचालन लागत कम करने के लिए कर्मचारियों के वेतन में कटौती या कुछ कर्मचारियों को हटाने जैसे कदम भी उठाने पड़ सकते हैं. ‘द पियानो मैन’ रेस्टोरेंट चेन में एलपीजी की आपूर्ति रुक गई है, जिसके कारण पाइप से मिलने वाली प्राकृतिक गैस पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भी इस संबंध में परिपत्र जारी किया है और वे फिलहाल यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि बिना गैस के कौन-कौन से व्यंजन बनाए जा सकते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here