ENTERTAINMENT : आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता, बोले- जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं

0
9

आशा भोसले ब्रीच कैंड हॉस्पिटल में भर्ती हैं. शनिवार रात को उनकी तबीयत खराब हुई थी. अब पीएम मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है.
देश की दिग्गज गायिका आशा भोसले को चेस्ट इंफेक्शन के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. खबर सामने आते ही फैंस से लेकर फिल्मी सितारों तक हर कोई उनकी सेहत के लिए दुआ करने लगा है. इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘ये सुनकर चिंता में हूं कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’

आशा भोसले की सेहत की बात करें तो उन्हें चेस्ट इंफेक्शन और थकान के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है.

आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर दी. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘मेरी दादी आशा भोसले बहुत ज्यादा थकान और छाती के इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा. हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे.’

आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी ज्यादा समय तक संगीत जगत में योगदान दिया है। उन्होंने अपने करियर में तकरीबन 12 हजार से ज्यादा गाना गाए हैं, जिनमें ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आंखों की मस्ती के’, ‘दिल चीज क्या है’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं। उन्होंने गजल, भजन, पॉप और क्लासिकल हर शैली में अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

आशा भोसले ने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान के साथ मिलकर कई यादगार गीत दिए. उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है. उनकी गिनती दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी की जाती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here