आमिर खान ने अपने बेटे जुनैद की नई फिल्म ‘एक दिन’ का टाइटल ट्रैक रिलीज किया, जिसे अरिजीत ने अपनी आवाज दी. इस खास वीडियो में हम आमिर और अरिजीत की वो मुलाकात देख सकते हैं, जो सिंगर की रिटायरमेंट घोषणा के बाद हुई थी.बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह ने पिछले महीने ऐलान किया था कि वो अभी से प्लेबैक सिंगिंग का कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लेंगे. लेकिन उन्हें म्यूजिक से बेहद लगाव है, इसलिए वो इसे पूरी तरह नहीं छोड़ेंगे. अरिजीत की इस खबर ने सभी को परेशान किया था. सिंगर की रिटायरमेंट घोषणा के बाद, सुपरस्टार आमिर खान उनके घर भी पहुंचे थे.
आमिर खान का अरिजीत के घर जाना कई सवाल खड़े कर गया था. लोगों को लगने लगा कि वो सिंगर को रिटायरमेंट वापस लेने की रिक्वेस्ट करने गए थे. चूंकि आमिर अरिजीत के साथ उनके घर मुर्शिदाबाद में काफी वक्त तक ठहरे, इसलिए ये सभी कयास लगाए गए. अब इस मुलाकात की असली सच्चाई सामने आई है. आमिर दरअसल अरिजीत के पास अपने बेटे जुनैद की नई फिल्म ‘एक दिन’ का टाइटल ट्रैक गंवाने के लिए गए थे.

यूट्यूब पर आज 23 फरवरी के दिन इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया, जिसमें हम अरिजीत द्वारा गाए टाइटल ट्रैक को भी सुन सकते हैं. वीडियो की शुरुआत में आमिर, सिंगर से उनके रिटायरमेंट का कारण पूछते हैं. वो उनसे पूछते हैं कि क्या वो अभी से बॉलीवुड के गाने नहीं गाएंगे? तो अरिजीत इसपर कोई जवाब नहीं देते. लेकिन आमिर जब उनसे कहते हैं कि अगर सिंगर ने गाना बंद किया, तो उन सभी का भारी नुकसान हो जाएगा. इस बात के बाद सभी हंस पड़ते हैं.
आगे वीडियो में आमिर, अपनी टीम और फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर के साथ अरिजीत के घर पहुंचते हैं जहां वो उनके परिवार से मिलते हैं. वो उनके घर पर बने स्टूडियो में गाना रिकॉर्ड करते हैं. इसी दौरान आमिर सिंगर के घर का खाना भी खाते हैं और उनके साथ चेस भी खेलते हैं. आमिर और अरिजीत को मुर्शिदाबाद की गलियों में भी घूमते देखा गया. फैंस को अरिजीत सिंह का ये गाना भी उनके बाकी गानों की तरह पसंद आया है.
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा के बाद अरिजीत को गाते हुए सुनना फैंस के लिए एक इमोशनल मोमेंट साबित हुआ. उन्होंने सिंगर से रिक्वेस्ट की कि वो प्लेबैक सिंगिंग में वापस आ जाएं. हालांकि क्या अरिजीत अपना फैसला बदलेंगे या नहीं, ये आने वाला वक्त बताएगा. बात करें आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘एक दिन’ की, तो इसमें जुनैद खान के साथ साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी भी हैं. ये फिल्म 1 मई को थिएटर्स में रिलीज होगी.

