तमिल एक्टर थलपति विजय की अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ के मेकर्स को तगड़ा झटका लगा है. दरअसल, उनकी फिल्म का 5 मिनट का एक क्लिप ऑनलाइन लीक हो गया है.
तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर थलपति विजय पिछले लंबे समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ को लेकर चर्चा में हैं. उनकी इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ‘जन नायगन’ को पहले 9 जनवरी को पोंगल के मौके पर रिलीज करने का प्लान था, लेकिन सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट ना मिलने की वजह से इसकी रिलीज टाल दी गई. अब ‘जन नायगन’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ‘जन नायगन’ का 5 मिनट का एक क्लिप ऑनलाइन लीक हो गया है. लीक हुए फुटेज में टाइटल क्रेडिट और विजय का इंट्रोडक्शन सीन शामिल है. इस 500 करोड़ी फिल्म का 5 मिनट का सीन लीक होना मेकर्स के लिए बड़ा झटका है. विजय ने सख्त एक्शन लेते हुए कहा कि जो लोग इस लीक प्रिंट को शेयर करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है.
विजय ने अपने ऑफिशियल एक्स पर लिखा, ‘जन नायगन के लीक हुए क्लिप शेयर करने वाले सभी अकाउंट्स के खिलाफ साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है. अधिकारी इसमें शामिल हर ID को ट्रैक कर रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’

विजय की आखिरी फिल्म है जन नायकन!
बता दें कि ‘जन नायगन’ को विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद वो राजनीति में पूरी तरह एक्टिव होने वाले हैं. ऐसे में विजय के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
‘जन नायगन’ का निर्देशन एच. विनोद ने किया है. इसमें पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और मामिता बैजू जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है.

