ENTERTAINMENT : ‘तूने बच्चे मारे हैं शक्त‍िमान’ मुकेश खन्ना पर समय रैना का तंज, बोले- वाइल्ड शो करना चाहता हूं

0
30

समय रैना का शो इंडियाज गॉट लेटेंट अश्लील जोक के कारण बैन किया गया था. उस दौरान कई सेलेब्स ने समय को निशाने पर लिया था. इनमें सुनील पाल, बी प्राक और मुकेश खन्ना शामिल थे. अब समय ने सबको करारा जवाब दिया है.

यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के लिए साल 2025 भयानक रहा था. उनके शो इंडियाज गॉट लेटेंट पर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने ऐसा अश्लील जोक मारा कि पूरे इंडिया में बवाल मच गया. समय का शो बैन हुआ. उनके खिलाफ केस हुआ. ये वक्त उनके लिए बुरे सपने जैसा था. महीनों बाद वो इस दुख से उभर चुके हैं. अब समय ने अपने नए शो स्टिल अलाइव में दिल की बात कही. उन लोगों को भी ट्रोल किया जिन्होंने बुरे वक्त में समय को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी.

इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के वक्त कॉमेडियन सुनील पाल, सिंगर बी प्राक और एक्टर मुकेश खन्ना ने समय पर तीखे हमले किए थे. उन पर देश के युवाओं को बिगाड़ने का आरोप लगाया था. अपने नए शो में समय ने इन्हें जवाब दिया है. वो कहते हैं- सब आ गए थे हमको खाने- नेता, सेलेब्रिटीज, सुनील पाल. समय ने सुनील को ट्रोल करते हुए कहा- वो मुझे कह रहा था कि इनको बोलो कपिल शर्मा से कुछ सीखें, लेकिन क्या बताऊं कपिल तो खुद हमारे शो के अगले एपिसोड में आने वाले थे. कपिल मुझे मैसेज कर रहे थे, लव यॉर शो, आपके शो का बड़ा फैन हूं, क्या टाइमिंग थी. ये सुनील पाल बीच में आ रहा था. पता नहीं, क्या ही चल रहा था.

समय ने सिंगर बी प्राक पर भी निशाना साधा. वो कहते हैं- बी प्राक भी बीच में आ गया. उनके गाने मुझे पसंद थे. लेकिन दो मिनट नहीं हुआ लेटेंट का विवाद शुरू हुए और वो बीच में कूद पड़ा. कहता है- ये कैसी बातें हुई हैं शो में. मैं तो कभी नहीं जाऊंगा उस पॉडकास्ट में. भाई तुझे बुलाया किसने है? मुकेश खन्ना पर भी समय ने अटैक किया. वो कहते हैं- उस वक्त सब आ गए थे. शक्तिमान आ गया था, शक्तिमान? अब शक्तिमान से भला कौन लड़ेगा? सॉरी शक्तिमान. वो कह रहा था- ऐसे कंटेंट का बच्चों पर क्या असर होगा. मैं नहीं जानता आपने कितना शक्तिमान देखा. तब न्यूज आती थी कोई बच्चा शक्तिमान देखकर कूद गया. तूने बच्चे मारे हैं भाई, तू क्या बोल रहा है मुझे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here