हैदराबाद के मैलार देवपल्ली इलाके में नशे में धुत एक कार चालक ने कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय और तेज गति से गाड़ी दौड़ाना शुरू कर दिया। हैदराबाद शहर के मैलार देवपल्ली इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां नशे में धुत एक कार चालक ने कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

जानकारी के अनुसार ये सभी युवक तेलंगाना के शादनगर क्षेत्र से हैदराबाद के ऐतिहासिक इलाके चारमीनार में खरीदारी करने आए थे. देर शाम जब वे मैलारदेवपल्ली स्थित मेहफिल होटल के पास से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने अचानक कई मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी.चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई. हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय और तेज गति से गाड़ी दौड़ाना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल कार के नीचे फंसी हुई थी और चालक उसे लगभग दो किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया. इस दौरान इलाके के कई युवकों ने घटना को देखा और तुरंत कार का पीछा करना शुरू कर दिया.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कार के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं और चालक को रोकने की कोशिश कर रहे हैं. पीछा करते हुए युवक मैलारदेवपल्ली से लेकर हाफिज बाबा नगर मुख्य मार्ग तक पहुंच गए. आखिरकार लोगों की मदद से कार को रोका गया और चालक को पकड़ लिया गया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही संतोष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लिया. पुलिस ने घायल युवकों को अस्पताल भिजवाया और घटना की जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस कार से हादसा हुआ वह बिना नंबर प्लेट के चल रही थी. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह गंभीर दुर्घटना हुई. पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


