पंजाब के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 12वीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और उनका मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के सपनों और योजनाओं के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एक विशेष मुहीम शुरू की है।
इस संबंध में स्कूलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है वह इस मुहिम के बारे में हर विद्यार्थी को बताएं। इसे लेकर हर विद्यार्थी को संदेश की एक प्रिंट कॉपी और व्हाट्सएप पर सॉफ्ट कॉपी देने के लिए कहा है। इसके साथ ही हर विद्यार्थी के भविष्य के लक्ष्यों और योजनाओं के बारे में जानने के लिए एक गूगल फॉर्म भी भरवाया जा रहा है।
बता दें कि सभी विद्यार्थियों के लिए ये फॉर्म भरना अनिवार्य है और स्कूलों के विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कोई भी विद्यार्थी इस मुहिम से वंचित न रह जाए। इस मुहिम की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक नोडल अधिकारी और स्कूल प्रमुख अपने-अपने संस्थानों में इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे। इस पूरी मुहिम को 18 फरवरी 2025 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनके सपनों और योजनाओं के बारे में जानकर उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उचित मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करना है। सरकार छात्रों को उनकी शैक्षणिक और व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुसार सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


