JAIPUR : जयपुर में जापान की महिला टूरिस्ट से छेड़छाड़, 5 लोगों पर केस दर्ज

0
105

जयपुर में जापानी महिला पर्यटक से छेड़छाड़ का मामला सामने आया. जयगढ़ किला के पास पांच युवकों ने सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम दिया. महिला शोर मचाकर भागी और सुरक्षाकर्मी की मदद से बची. सुरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

जयपुर में विदेशी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, जापान से आई एक महिला के साथ आमेर क्षेत्र स्थित जयगढ़ किला के पास पांच युवकों ने बदसलूकी की. घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, महिला पर्यटक दो-तीन दिन पहले ही राजस्थान घूमने आई थी और जयगढ़ किले के पास स्थित गणेश मंदिर की ओर जा रही थी. इसी दौरान सुनसान इलाके का फायदा उठाकर पांच युवकों ने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगे.

एसीपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और किसी तरह वहां से भागकर पास में मौजूद सुरक्षाकर्मी तक पहुंची. महिला को परेशान हालत में देख सुरक्षाकर्मी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें पांच संदिग्ध युवक पहाड़ी से नीचे उतरते हुए दिखाई दिए हैं.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय आपराधिक रिकॉर्ड और पर्यटक गाइड से जुड़ी जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here