MAHARASHTRA : गाड़ी में परिवार ही ले जा रहा था 20 साल की युवती का शव, रिक्शा चालक ने खोला राज! पढ़ें पूरा मामला

0
397

छत्रपति संभाजीनगर के वाळूज महानगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. वडगांव कोल्हाटी निवासी साबळे परिवार गांव जा रहा था. तिसगांव चौफुली के पास उनकी गाड़ी में संदिग्ध रूप से कुछ लिपटा हुआ होने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की. गाड़ी खोलकर देखने पर उसमें 20 वर्षीय युवती का शव मिला. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

मृतका की पहचान नंदिनी राजू धिवरे (उम्र 20 वर्ष), निवासी वडगांव कोल्हाटी के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उसकी मां भारती उमेश साबळे और सौतेले पिता उमेश गोविंद उबाळे ने बताया कि युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी और वे उसके अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव ले जा रहे थे.हालांकि परिस्थितियां संदिग्ध लगने के कारण पुलिस ने शव को तुरंत घाटी अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है. आगे की जांच के लिए मां और सौतेले पिता को हिरासत में लिया गया है. मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.

परिवार ने घर का सामान गांव ले जाने के लिए वडगांव से तिसगांव चौफुली तक एक ऑटो रिक्शा किराए पर लिया था. रिक्शा चालक ने ड्रम, कपड़े और अन्य सामान के साथ एक गट्ठर में कुछ संदिग्ध तरीके से लिपटा हुआ देखा. सामान लोड करते समय उसे शक हुआ. तिसगांव चौफुली पर परिवार को छोड़ने के बाद चालक ने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि गाड़ी में रखा सामान संदिग्ध है.

बताया जा रहा है कि युवती का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था. मां का कहना है कि इसी कारण उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की. वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि युवती एक दिन पहले पुलिस थाने में अपने माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने गई थी. इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. मामले में साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here