कांगड़ा जिला के उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत पुलिस ने नशा तस्करी में संलिप्त एक कुख्यात महिला को फिर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भदरोआ क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 7.25 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) और 800 रुपए नकद बरामद किए हैं।

एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस जिला नूरपुर में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम ने रजनी पत्नी अक्षय कुमार के रिहायशी मकान में छापा मारा, जहां उसकी बहन सोनिया पत्नी नरेंद्र निवासी भदरोआ, तहसील इंदौरा के कब्जे से नशीला पदार्थ व नकदी बरामद की गई। पुलिस ने सोनिया को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पहले भी दर्ज हैं 8 केस
एसपी के अनुसार गिरफ्तार महिला शातिर और अभ्यस्त नशा तस्कर है। उस पर हिमाचल और पंजाब के विभिन्न थानों में पहले ही 8 मामले दर्ज हैं।
- 12 मई, 2018 – पुलिस थाना नूरपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला।
- 17 मार्च, 2019 – पुलिस थाना डमटाल में 4.73 ग्राम हैरोइन बरामद।
- 14 अक्तूबर, 2019 – पुलिस थाना डमटाल में 9.09 ग्राम हैरोइन के साथ मामला दर्ज।
- 5 फरवरी, 2020 – पुलिस थाना डिविजन नंबर-1, पठानकोट (पंजाब) में नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला।
- 13 सितम्बर, 2020 – पुलिस थाना डमटाल में 7.79 ग्राम हैरोइन बरामद।
- 24 सितम्बर, 2021 – पुलिस थाना डिविजन नंबर-2, पठानकोट में मामला दर्ज।
- 20 जुलाई, 2022 – पुलिस थाना डिविजन नंबर-2, पठानकोट में 12 ग्राम हैरोइन के साथ मामला दर्ज।
- 10 सितम्बर, 2023 – पुलिस थाना डिविजन नंबर-2, पठानकोट में एक और नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज।


