भिंड जिले में तेज रफ्तार से आ रही एक खाली बस ने सामने से जा रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में चार लोगों की जान चली गई और सात अन्य घायल हो गए.मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार (20 फरवरी) देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और सात अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिमका गांव के पास करीब रात ढाई बजे हुई. यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही एक खाली बस ने सामने से जा रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे में वैन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.

गोहद चौराहा थाना प्रभारी (एसएचओ) मनीष धाकड़ ने बताया कि दुर्घटना में घायल सात लोगों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है. बाकी घायलों का इलाज जारी है.थाना प्रभारी धाकड़ ने बताया कि जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. बताया गया कि वैन में सवार लोग ग्वालियर से भिंड की ओर जा रहे थे, जबकि बस भिंड में बारातियों को छोड़कर वापस ग्वालियर लौट रही थी और उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था. हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर यातायात प्रभावित रहा. हालांकि, पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया और आवागमन को सामान्य कर दिया. घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है.

