नागपुर में एक एयर होस्टेस के सुसाइड मामले ने अब एक गंभीर आपराधिक मोड़ ले लिया है, जिसे शुरुआत में एक सामान्य सुसाइड माना जा रहा था, वह अब मानसिक प्रताड़ना का एक खौफनाक मामला बनकर सामने आया है. एयर होस्टेस के मोबाइल का लॉक खुलते ही उसके ‘डॉक्टर बॉयफ्रेंड’ के काले कारनामे उजागर हो गए हैं.
नागपुर में रहने वाली 28 वर्षीय एयर होस्टेस ने 4 अप्रैल की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. शुरुआत में मामला सामान्य आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं.
लकड़गंज थाना क्षेत्र जांच में सामने आया है कि युवती का रितेश वांदिले नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था. आरोपी युवक उसे छोटे कपड़े पहनने से रोकता था और उसके पहनावे पर लगातार आपत्ति जताता था.इतना ही नहीं, आरोपी शादी से इनकार करने की धमकी देकर युवती को मानसिक रूप से परेशान करता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती के मोबाइल में मौजूद वीडियो के जरिए उसके माता-पिता और रिश्तेदारों के सामने अपमानजनक बातें भी कही थीं. लगातार अपमान और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया.पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी रितेश वांदिले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
लकड़गंज पुलिस थाना इंस्पेक्टर अरुण शीरसागर ने बताया, ”घटना के बाद युवती का फोन लॉक होने की वजह से सिर्फ आत्महत्या का मामला पुलिस ने दर्ज किया था, लेकिन जैसे ही कुछ दिनों बाद उसके फोन का लॉक खुला, जिसमें एक वीडियो सामने आया और आत्महत्या से पहले वाला आखिरी कॉल भी सामने आया जिसके बाद पुलिस ने युवती के डॉक्टर बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया.”

