ग्रेटर फरीदाबाद में एक क्लब में गाने बदलने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है.हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद में ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट पर एक क्लब में पार्टी के दौरान खूब हंगामा हुआ. बताया जाता है कि यहां DJ सिस्टम पर म्यूज़िक बदलने को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई. एक एजेंसी के मुताबिक इसके बाद हुई हाथापाई में एक युवती को उसके बालों से खींचकर पीटा गया. अधिकारियों ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीपीटीपी पुलिस स्टेशन में दो नामजद व्यक्तियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
इस झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसमें एक महिला को दोनों गुटों के बीच सुलह कराने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है. पुलिस ने एक-दूसरे को जानने वाले इन दोनों गुटों के बीच झड़प की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि महिला को पीटा गया था या नहीं.अपनी शिकायत में सेक्टर 21A के बिल्डर रमन ग्रोवर ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को अपनी बेटी महक का जन्मदिन मनाने के लिए ‘वायु’ क्लब बुक किया था. इस क्लब के मालिक नीरज चितकारा हैं, जिन्हें ग्रोवर पहले से जानते हैं. महक कनाडा में अंडरग्रेजुएट की छात्रा है और फिलहाल छुट्टियों पर घर आई हुई है.

ग्रोवर ने बताया कि गुरुवार आधी रात के करीब वह अपनी बेटी और उसकी दो सहेलियों को क्लब पर छोड़कर घर लौट आए थे. इसके कुछ ही देर बाद उन्हें अपनी बेटी का फ़ोन आया. बेटी ने बताया कि क्लब में मौजूद कुछ युवक DJ सिस्टम पर म्यूज़िक बदलने को लेकर हुई बहस के बाद उसके साथ बदतमीज़ी कर रहे थे.
शिकायत के अनुसार जब ग्रोवर क्लब पहुंचे, तो वैभव अरोड़ा और 10-12 अन्य युवकों ने मिलकर ग्रोवर, महक और उसकी सहेलियों के साथ मारपीट की. ग्रोवर के मुताबिक मेरी बेटी ने म्यूज़िक बदलने के लिए कहा था. जिसके बाद वहां मौजूद सिम्मी अरोड़ा ने मेरी बेटी के साथ बहस शुरू कर दी और उसे थप्पड़ मार दिया. इसके बाद उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुला लिया, जिन्होंने मेरी बेटी और उसकी सहेलियों पर हमला कर दिया.
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने मेरी बेटी की हीरे की बाली भी छीन ली. अधिकारियों ने बताया कि वैभव अरोड़ा, ऋषित और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय SHO अरविंद कुमार ने कहा कि दोनों ही पक्ष क्लब के मालिक के परिचित हैं. हम क्लब में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं. तथ्यों की पुष्टि करने के बाद कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

