NATIONAL : जयमाल की रस्म के बीच दुल्हन को मारी गोली, शादी में मची चीख-पुकार

0
93

बक्सर में जयमाल के दौरान एक युवक ने दुल्हन आरती को गोली मार दी, जिससे समारोह में भगदड़ मच गई. आरती को गंभीर हालत में बनारस रेफर किया गया है.बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. शादी समारोह में जयमाल की रस्म के दौरान मंच पर खड़ी दुल्हन को एक युवक ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. देखते ही देखते खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया.

बताया जा रहा है कि करीब 18 वर्षीया आरती कुमारी, पिता नंद जी चौधरी, का शादी समारोह चल रहा था. जयमाल की रस्म के दौरान अचानक एक युवक मंच के पास पहुंचा और दुल्हन आरती को गोली मार दी. वारदात इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया. गोली लगते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई.

घायल आरती को आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल लाया गया. ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. ए. सी. मिश्रा ने बताया कि रात करीब 12 बजे गन शॉट इंजुरी के साथ युवती को लाया गया था. गोली पेट में लगी है और हालत नाजुक है. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया. घटना के सदमे से आरती की बहन सपना कुमारी भी बेहोश हो गई, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

घटना का एक वीडियो क्लिप सामने आया है जिसमें हथियार और हाथ दिखाई दे रहा है. वहीं दूसरे वीडियो में घायल आरती खुद दीनबंधु चौधरी का नाम ले रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है.मुफस्सिल थाना के एसआई गुड्डू चौधरी ने बताया कि परिजनों से जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी दीनबंधु चौधरी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here