NATIONAL : बहन संग फरार हो गई टीचर की पत्नी, 16 लाख के जेवरात भी समेट ले गई… घर में खुली पड़ी थी अलमारी

0
100

हरियाणा के नारनौल में चौंकाने वाली घटना सामने आई. एक टीचर घर लौटा तो पत्नी गायब थी. अलमारी का लॉकर खाली मिला. कुछ ही देर में सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें पत्नी अपनी बहन के साथ मुंह ढककर स्कूटी पर फरार होती दिखी. टीचर ने घर में देखा तो उसकी पत्नी करीब 16 लाख रुपये के जेवर साथ ले गई.

हरियाणा के महेंद्रगढ़ से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक प्राइवेट स्कूल के टीचर की पत्नी करीब 16 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला अपनी मौसी की बेटी के साथ स्कूटी पर जाती हुई नजर आ रही है. दोनों ने अपने चेहरे दुपट्टे से ढके हुए थे.

घटना नारनौल के केशव नगर गली नंबर 3 की है. यहां रहने वाला 31 साल का युवक निजी स्कूल में साइंस टीचर है. रोज की तरह वह दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटा, लेकिन घर पहुंचते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसकी 30 वर्षीय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी. पहले तो लगा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन जब बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और मोबाइल स्विच ऑफ मिला, तो चिंता बढ़ गई.

युवक ने घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ की, लेकिन मां, भाई और भाभी उस समय सो रहे थे और उन्हें भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इसके बाद जब युवक घर के पूजा घर में पहुंचा, तो वहां रखी अलमारी खुली मिली. जैसे ही उन्होंने लॉकर चेक किया, वह पूरी तरह खाली था. उसमें रखे सोने के सभी जेवरात गायब थे.

युवक के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों में बालियां, सोने की चेन, चूड़ियां, मंगलसूत्र, अंगूठी और झुमके शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये है. यह देखकर समझ आ गया कि पत्नी जेवर लेकर घर से चली गई है. युवक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज में जो सामने आया, उसने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी. फुटेज में देखा गया कि युवक की पत्नी की मौसी की बेटी सुबह करीब 11:29 बजे स्कूटी से घर आई थी. वह कुछ देर रुकने के बाद करीब 12:27 बजे चली गई. इसके बाद वह दोपहर 1:39 बजे दोबारा स्कूटी लेकर आई और महज तीन मिनट के अंदर यानी 1:42 बजे युवक की पत्नी को साथ लेकर निकल गई.

फुटेज में दिख रहा है कि दोनों महिलाओं ने अपने चेहरे दुपट्टे से ढके हुए थे और जल्दबाजी में घर से निकल रही थीं. उनके पास एक बैग भी था. इसके अलावा एक अन्य फुटेज में दोनों को गली के एक घर में जाते हुए भी देखा गया, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला.

युवक ने कहा कि उसकी शादी अगस्त 2023 में हुई थी. उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि पत्नी ऐसा कदम उठा सकती है. इस घटना के बाद वह सदमे में है.वहीं, पुलिस ने युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और दोनों महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मोबाइल लोकेशन के जरिए भी उन्हें ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर इसके पीछे की असली वजह क्या है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here