NATIONAL : भारतीय पर्वतारोही ज्योति शर्मा ने रचा इतिहास, 77 वें गणतंत्र दिवस पर अफ्रीका तंजानिया माउंट किलिमंजारो पर सबसे तेज़ एकल चढ़ाई का नया रिकॉर्ड सेट किया

0
105

भारत की पर्वतारोहण जगत और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है कि दिल्ली एनसीआर की भारतीय पर्वतारोही ज्योति शर्मा (42 वर्ष) ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (उहुरू पीक 5,895 मीटर) पर सबसे तेज़ सफल एकल (सोलो) चढ़ाई कर नया इतिहास रच दिया। वर्तमान में गाजियाबाद निवासी और दिल्ली के सादतपुर एक्सटेंशन की मूल निवासी ज्योति शर्मा ने यह उपलब्धि भारत के 77वें गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के दिन हासिल की। ज्योति शर्मा ने सुबह 8:18 बजे उहुरू पीक पर सफलतापूर्वक शिखर फतह किया और पूरी पर्वतारोहण यात्रा को मात्र 2 दिन, 19 घंटे और 44 मिनट में पूर्ण कर एक नया रिकॉर्ड सेट किया किया।

इस ऐतिहासिक एकल अभियान को किलिमंजारो नेशनल पार्क अथॉरिटी, तंजानिया द्वारा आधिकारिक प्रमाणन प्राप्त हुआ है। प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाणपत्र में उनकी एंट्री तिथि व समय, शिखर पर पहुंचने का समय और ट्रेक समाप्ति का पूरा विवरण दर्ज है। अभियान के दौरान उपयोग किए गए जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस से उनके सटीक निर्देशांक रिकॉर्ड किए गए जिसे पायनियर्स माउंटेनियर कंपनी (नेपाल) द्वारा मोनिटर किया गया। वहीं प्रमाणपत्र में मौजूद स्कैन योग्य बारकोड के माध्यम से उपलब्धि का पूर्ण सत्यापन भी संभव है, जिससे यह उपलब्धी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह प्रमाणिक और विश्वसनीय बनता है।

ज्योति शर्मा ने यह चढ़ाई मरंगु रूट के माध्यम से पूरी की। उनका सफर विभिन्न भौगोलिक और जलवायु क्षेत्रों जिस में मांडारा हट (वर्षा वन क्षेत्र), मांडारा से होरोम्बो हट (घासभूमि क्षेत्र), होरोम्बो से कीबो हट (एलपाइन मरुस्थल), और अंत में कीबो हट से उहुरू पीक तक का अत्यंत चुनौतीपूर्ण आर्कटिक क्षेत्र से होकर गुजरा।

शिखर पर पहुंचने के बाद पहली बार भावुक होकर ज्योति शर्मा ने बताया कि, “भारत के 77 वें गणतंत्र दिवस पर माउंट किलिमंजारो की चोटी पर खड़ा होना मेरे जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण था। यह चढ़ाई केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं थी, बल्कि यह साबित करने के लिए थी कि अनुशासन, तैयारी और आत्मविश्वास उम्र, डर और संदेह से कहीं आगे ले जा सकते हैं। मैं यह उपलब्धि अपने देश और उन सभी देशवासियों को समर्पित करती हूं जो सोचते हैं कि शुरुआत करने में अब बहुत देर हो चुकी है।”

एलआरएस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ब्रांड एंबेसडर ज्योति शर्मा पिछले कई वर्षों से पर्वतारोहण से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उनके पर्वतारोहण सफर में 2023 में सेंडकफू, 2024 में एवरेस्ट बेस कैंप, और 2025 में यूनाइटेड किंगडम की सबसे ऊंची चोटी बेन नेविस की सफल चढ़ाई शामिल है, जिन्होंने उनकी सहनशक्ति और संकल्प को और मजबूत किया।

उनके सीनियर गाइड रामाधानी मोहामेदी आबेदी ने उनकी सराहना करते हुए बताया कि, “ज्योति एक बेहद मजबूत और एक सच्ची सुपरवुमन है, जो कभी हार नहीं मानती। यह तो सिर्फ शुरुआत है, एक दिन वह लाखों लोगों को प्रेरित करेंगी।”

अपने सफर के समापन पर ज्योति शर्मा ने बताया कि, “मेरे मन में बस यही था कि मैं अपने देश और अपने परिवार को गर्व का एक पल दे सकूं और खुद से किया गया वह वादा निभा सकूं कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here