NATIONAL : ‘तुम पिछले जन्म की अप्सरा…’ खुद को ‘अवतारी पुरुष’ बताकर ढोंगी अशोक खरात ने किया रेप

0
35

नासिक के कथित ‘गॉडमैन’ अशोक खरात पर एक और महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि धार्मिक अनुष्ठानों और भविष्यवाणी के बहाने उसने उसका शोषण किया, नशीला पदार्थ देकर संबंध बनाए और गर्भपात तक कराया. आरोपी ने उसे डराकर लंबे समय तक चुप भी रखा.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी और ‘गॉडमैन’ बताने वाले अशोक खरात को पुलिस ने हाल ही में गंभीर आरोपों के चलते गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने एक महिला को नशीला पदार्थ देकर लंबे समय तक उसका यौन उत्पीड़न किया और कई अन्य महिलाओं का भी शोषण किया। इसी कड़ी में अब एक और महिला ने FIR दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार, साल 2013 में उसके माता-पिता उसकी शादी के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे, लेकिन कहीं रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था. आखिरकार नासिक के एक युवक से उसका रिश्ता तय हुआ, लेकिन वैवाहिक जीवन सुखी रहेगा या नहीं, इसे लेकर परिवार को संदेह था. इसी कारण लोगों के कहने पर वे कैप्टन अशोक कुमार खरात के नासिक के कनाडा कॉर्नर स्थित दफ्तर पहुंचे.

पहली मुलाकात में खरात ने लड़के की फोटो देखकर आंखें बंद कर कुछ मंत्र पढ़े और कहा कि विवाह में कोई बाधा नहीं है तथा उनका वैवाहिक जीवन सुखी रहेगा. साथ ही विवाह के बाद मिरगांव स्थित ईशान्येश्वर मंदिर में धार्मिक विधि करने की सलाह दी और यह भी कहा कि ससुराल पक्ष को साथ न लाया जाए. दिसंबर 2013 में महिला का विवाह हुआ और बाद में उसे दो बच्चे हुए. हालांकि, समय के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे, जिसके बाद उसके माता-पिता बार-बार खरात से सलाह लेने जाते रहे. खरात उन्हें ‘मंत्रित पानी’, दवाइयां और अन्य तथाकथित उपाय देता था.

फरवरी 2020 के आसपास पारिवारिक समस्याएं बढ़ने पर महिला अपनी मां के साथ फिर से खरात से मिलने गई. इस बार उसने उसकी मां को बाहर बैठाया और महिला को केबिन में ले जाकर खुद को ‘अवतारी पुरुष’ बताते हुए कहा कि उसे त्रिकाल ज्ञान है, उसका तलाक निश्चित है और वह पिछले जन्म की अप्सरा है. उसने यह भी कहा कि उसके (खरात के) भाग्य में दो विवाह हैं और महिला को उससे विवाह कर लेना चाहिए. यह कहकर उसने महिला को गले लगाया और उसके चेहरे को चूमने लगा. महिला ने विरोध करते हुए खुद को छुड़ाया और वहां से चली गई.

करीब एक साल बाद, अक्टूबर 2021 में महिला का तलाक हो गया और वह पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई. इसके बाद भी उसके माता-पिता खरात के संपर्क में रहे. साल 2022 में जब वह नासिक में थी, तब खरात ने उसे फोन कर भविष्य के बारे में बात करने के बहाने ऑफिस बुलाया. वहां उसने उसे जबरन पास खींचकर चूमने की कोशिश की और कहा कि वह उससे विवाह करना चाहता है, अन्यथा ‘ईश्वर का कोप’ होगा. उसने धार्मिक विधि के नाम पर उसे तांबे की बोतल से पानी पिलाया, बोतल सिर पर रखने को कहा और उसके शरीर को छूते हुए तथाकथित पूजा करने लगा. इसके बाद उसने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.

महिला ने डर के कारण यह बात किसी को नहीं बताई, क्योंकि खरात ने उसे धमकाया था कि ऐसा करने पर उसके जीवन में संकट आएगा. इसके बाद 3-4 बार और विधि के नाम पर उसे बुलाया गया और हर बार प्रसाद या मंत्रित पानी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए. कुछ समय बाद महिला को पता चला कि वह गर्भवती है. उसने यह बात खरात को बताई, जिस पर उसने उसे कुछ गोलियां दीं, जिनसे बाद में महिला को ब्लीडिंग शुरू हुई और उसका गर्भपात हो गया. महिला ने कहा है कि उसने इस पूरे मामले में नासिक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here