NATIONAL : दिल्ली के तीन स्कूलों में बम की सूचना से हड़कंप, बच्चों को तुरंत किया गया बाहर, तलाश जारी

0
304

दिल्ली के 3 स्कूलों में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक 2 मार्च की सुबह दिल्ली कैंट आर्मी पब्लिक स्कूल, जनकपुरी मीरा पब्लिक स्कूल और मयूर विहार सलमान पब्लिक स्कूल को धमकी भरा संदेश मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया. रक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया.

एहतियातन सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है. फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल और दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को यह ईमेल भेजे गए. सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.

दिल्ली फायर सर्विसेज के अनुसार धमकी भरे ईमेल सबसे पहले सलवान पब्लिक स्कूल और मीरा पब्लिक स्कूल को प्राप्त हुए, जबकि तीसरा ईमेल दिल्ली कैंट के हाई सिक्योरिटी एरिया में स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को भेजा गया. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर सर्विसेज की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंचीं. छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर खाली कराए गए और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. साइबर टीम ईमेल के स्रोत और उसकी सत्यता की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है. अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इसी तरह की धमकियां अन्य संस्थानों को भी भेजी गई हैं. फिलहाल सभी स्कूलों में स्थिति नियंत्रण में है और जांच प्रक्रिया जारी है.

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब 23 फरवरी को दिल्ली सचिवालय और शहर के दो स्कूलों को भी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे. उस दौरान धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को निशाना बनाया गया था. तब भी बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने तलाशी ली थी और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. पिछले साल ऐसे 500 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे और हाल के हफ्तों में कई धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं, जिस पर पुलिस ने अभिभावकों से शांत रहने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here