NATIONAL : पेट्रोल पंप पर बैलगाड़ी… देखकर लोग हैरान, बाइक लादकर फ्यूल भरवाने पहुंचा युवक

0
42

पेट्रोल पंप पर जैसे ही एक बैलगाड़ी आकर रुकी, लोग हैरान रह गए. पास जाकर देखा तो बैलगाड़ी पर बाइक लदी थी- और उसे फ्यूल भरवाने के लिए लाया गया था. पेट्रोल को लेकर देशभर में पैनिक बाइंग के बीच सामने आई यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. यह मामला महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर का है.

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को चौंका दिया. कन्नड़ तालुका के शिवराई फाटा स्थित एक पेट्रोल पंप पर अचानक एक बैलगाड़ी आकर रुकी. पहले तो लोगों को लगा कि शायद कोई ग्रामीण सामान्य काम से आया है, लेकिन जैसे ही लोगों की नजर बैलगाड़ी पर पड़ी, वे हैरान रह गए.

बैलगाड़ी पर एक बाइक लदी हुई थी. पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग इस नजारे को देखकर ठिठक गए. कुछ लोग पास पहुंचे, तो पूरी कहानी सामने आई. दरअसल, एक युवक की बाइक बीच रास्ते में ही बंद हो गई थी, उसमें पेट्रोल खत्म हो चुका था. आमतौर पर ऐसे हालात में लोग किसी डिब्बे या बोतल में पेट्रोल लेकर आते हैं, लेकिन यहां मामला थोड़ा अलग था.

जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत के चलते प्रशासन ने सख्त आदेश जारी कर रखा है कि किसी भी पेट्रोल पंप पर डिब्बे या बर्तन में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा.यही वजह थी कि युवक के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई. न तो बाइक चल सकती थी और न ही पेट्रोल लेकर जाना संभव था. ऐसे में उसने एक अनोखा तरीका अपनाया. उसने अपनी बाइक को बैलगाड़ी पर लादा और सीधे पेट्रोल पंप तक ले आया.

जैसे ही बैलगाड़ी पेट्रोल पंप पर पहुंची, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. किसी ने तुरंत इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह एक समस्या ने एक अनोखे जुगाड़ को जन्म दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे मजबूरी बता रहे हैं, तो कुछ जुगाड़ कह रहे हैं. दरअसल, पेट्रोल की पैनिक बाइंग के बीच भीड़ लग रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई. कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें फ्यूल के लिए परेशान होना पड़ रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here