NATIONAL : महिला ने फ्लैट पर बुलाकर बनवाया नग्न वीडियो, झूठे केस की धमकी देकर ऐंठे लाखों, गिरफ्तार

0
31

गुरुग्राम में लैब टेक्नीशियन को हनीट्रैप में फंसाकर नग्न वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ट्रांसफर करवाए थे. थाना सेक्टर-37 पुलिस ने 1.63 लाख रुपये, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और चार मोबाइल बरामद किए हैं.

गुरुग्राम में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक लैब टेक्नीशियन को नग्न वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठे गए. इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने थाना सेक्टर-37 में शिकायत दी थी. शिकायत के अनुसार वह गुरुग्राम के सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है. 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर स्थित एवीएल-36 सोसाइटी में ज्योति नामक महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था. इसी दौरान महिला ने ब्लड रिपोर्ट के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई.

पुलिस के मुताबिक बातचीत के दौरान महिला ने उसे दोबारा मिलने के लिए कहा. 2 मार्च को वह फिर से महिला का ब्लड सैंपल लेने उसके फ्लैट पर पहुंचा. कुछ देर बाद महिला ने फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया. तभी वहां दो युवक अंदर आए और लैब टेक्नीशियन के साथ मारपीट शुरू कर दी.आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके कपड़े उतरवाकर उसकी नग्न वीडियो बना ली. इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे ट्रांसफर करवा लिए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अलग-अलग जगह ले जाकर भी डराया-धमकाया और उससे पैसे ऐंठे.

पीड़ित की शिकायत के बाद थाना सेक्टर-37 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हरीश यादव उर्फ मोनू निवासी गांव काहनावास जिला अलवर (राजस्थान) और श्याम सुंदर उर्फ अशोक निवासी गांव खैरोली जिला महेंद्रगढ़ को गुरुग्राम के सती चौक से गिरफ्तार किया.इसके अलावा इस वारदात में शामिल ज्योति निवासी गांव ताजनगर गुरुग्राम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों की आपस में पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. इसके बाद उन्होंने जल्दी पैसे कमाने के लिए मिलकर एक साजिश रची और हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाने की योजना बनाई.

पुलिस के अनुसार इसी योजना के तहत महिला ने लैब टेक्नीशियन को अपने फ्लैट पर बुलाया और उसके साथियों ने मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here