रोहतास के परसथुआ में स्कूली बच्चों से भरी बस ट्रक से टकरा गई. हादसे में दो शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक बच्चे घायल हुए. घायलों का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में हुआ.रोहतास के परसथुआ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. स्कूली बच्चों को लेकर पटना जा रही बस मोहनिया-आरा पथ पर एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बढोना से बच्चों का शैक्षणिक टूर पटना के लिए निकला था. बस में कई शिक्षक और स्कूली बच्चे सवार थे. सभी लोग उत्साह के साथ पटना घूमने जा रहे थे, लेकिन रोहतास के परसथुआ के पास यह बड़ा हादसा हो गया . जिन दो शिक्षकों की मौत हुई है, उनकी पहचान विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार राय और बीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह के रूप में हुई है. संजय कुमार राय कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसहर गांव के रहने वाले थे, जबकि पुनीत कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के माविहार थाना क्षेत्र के बगहवा गांव के निवासी थे. दोनों की मौत की खबर से स्कूल और परिजनों में मातम पसर गया है.

हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत सासाराम के सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी. राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे की हालत गंभीर नहीं बताई गई है.में सवार 4 अन्य शिक्षक भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं. इनमें विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और एक महिला शिक्षिका ललिता कुमारी शामिल हैं. इन सभी का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि टक्कर कैसे हुई. इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

