कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करेगी। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ जवाबदेही तय करना है।
पीटीआई, छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करेगी। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ जवाबदेही तय करना है।
इस संबंध में शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत सुबह साढ़े सात बजे संतुक पिंपरी गांव से होगी। दिल्ली से लौटने के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि मैं अपने गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करूंग;वहां के सरपंच से स्थानीय सरकारी विद्यालय की मरम्मत करने तथा यह सुनिश्चित करने का अनुरोध करूंगा कि स्कूल में बेंच और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हों।

हमने ऐसी कई टीम बनाई हैं जो गांवों में जाएंगी और वहां के लोगों और सरपंचों से स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए कदम उठाने का अनुरोध करेंगी, क्योंकि हम यह काम सभी की भागीदारी से पूरा करना चाहते हैं।
सीजेपी ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता से अनुरोध किया, आप अपने बच्चों के स्कूल जाएं और देखें कि क्या बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। देखें कि क्या बिजली है, पानी है। क्या आपके बच्चों को शौचालय की सुविधाएं मिलती हैं? यदि सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं तो वीडियो रिकार्ड करें।
इसके साथ ही सीजेपी ने यह भी कहा कि जल्द ही एक प्रिंट करने योग्य ऑडिट फार्म जारी किया जाएगा, जिसके जरिये नागरिक अपने बच्चों के स्कूलों में मौजूद और नदारद सुविधाओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह फार्म सीजेपी के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों पर अभियान वीडियो लिंक के माध्यम से साझा किया जाएगा।

