उत्तराखंड के लिए आर्थिक और धार्मिक रूप से बेहद अहम मानी जाने वाली चारधाम यात्रा 2026 का आगाज हो चुका है. अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए. यात्रा के पहले ही दिन से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देवभूमि की ओर उमड़ पड़ी. इस बार यात्रा को लेकर गजब उत्साह देखने को मिल रहा है. जिसकी तस्दीक रजिस्ट्रेशन के आंकड़े कर रहे हैं.
अभी तक 19 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं. जो इस यात्रा की व्यापक भक्ति और धार्मिक महत्ता को दर्शा रहा है. धामों के बाहर लंबी कतारें, पहाड़ी रास्तों पर लगातार बढ़ता दबाव और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों का सैलाब, ये संकेत दे रहा है कि इस बार यात्रा अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच सकती है.
जहां यह राज्य की आर्थिकी को मजबूती देने वाला कारक है, तो वहीं इतनी विशाल भीड़ की सुरक्षा और व्यवस्थापन प्रशासन के लिए एक कठिन परीक्षा बन चुका है. पहले ही दिन हुई दो मौत ने भी इस यात्रा को चर्चा में ला दिया है.
पहले दिन की दो यात्रियों की मौत, चिंता और संवेदनशीलता बढ़ी: यात्रा के पहले ही दिन यमुनोत्री मार्ग पर सामने आई दो दुखद घटनाओं ने पूरे सिस्टम को झकझोर दिया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर कर दिया. मध्यप्रदेश के इंदौर से आई एक महिला श्रद्धालु की मौत हुई. जबकि, महाराष्ट्र से आए एक बुजुर्ग यात्री ने पैदल मार्ग पर सांस लेने में दिक्कत के चलते दम तोड़ दिया.

ये घटनाएं केवल दुर्घटनाएं भर नहीं हैं, बल्कि इस कठिन और चुनौतीपूर्ण यात्रा के जोखिमों को सामने लाया है. ऊंचाई वाले इलाकों में ऑक्सीजन की कमी, थकान, बदलता मौसम और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं ऐसे कारक हैं, जो थोड़ी सी चूक को भी गंभीर बना सकते हैं. इन हादसों ने ये सवाल भी खड़ा कर दिया कि क्या मौके पर पर्याप्त और त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध थी या नहीं?
स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों पर उठे गंभीर सवाल: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग की मानें तो चारधाम यात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 1,350 डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट, 33 हेल्थ स्क्रीनिंग केंद्र और 177 एंबुलेंस सेवाओं को तैनात किया है. इसके बावजूद पहले ही दिन हुई दो मौतों ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पहाड़ी इलाकों में समय पर चिकित्सा सहायता न मिलना अक्सर जानलेवा साबित होता है. ऐसा पहली बार नहीं है, जब यमुनोत्री मे मौत हुई हो. इससे पहले भी पिछले साल यात्रा के शुरुआत में ही ये धाम मौत और भीड़ की वजह से चर्चाओं में था.
यही स्थिति इस बार इन मामलों में भी देखने को मिली. हाई एल्टीट्यूड सिकनेस, हृदय संबंधी समस्याएं और श्वसन संबंधी आपात स्थितियों से निपटने के लिए ज्यादा विशेषज्ञ डॉक्टरों और मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की तैनाती आवश्यक है. ताकि, जरूरत के समय तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके.
प्रशासन का त्वरित एक्शन और सख्त निगरानी व्यवस्था: पहले दिन की घटनाओं के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया और तत्काल प्रभाव से कई सख्त कदम उठाए गए. उत्तरकाशी जिला अधिकारी प्रशांत आर्य की मानें तो पहले दिन यात्रा में ज्यादा भक्त आए हैं और दोनों ही केस में सांस लेने की दिक्कत हुई है.
उन्होंने कहा कि होटल एसोसिएसन के साथ मिलकर बैठक की गई है. जिसमें ये सुनिश्चित किया गया है कि होटल वाले भी देखेंगे कि कौन यात्री स्वास्थ्य जांच के बाद सही है या नहीं. उनसे संवाद किया जाएगा. इसके लिए जानकीचट्टी से अन्य जगहों पर भक्तों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं. डॉक्टरों की टीम को खासकर यमुनोत्री में तैनात किया गया है.
पिछले साल भी हुई थी ऐसी घटना: बता दें कि पिछले साल भी अचानक यमुनोत्री धाम में शुरुआती दिनों में भक्तों का हुजूम उमड़ पता था. जिससे एकाएक व्यवस्थाएं प्रभावित हो गई थी. हालांकि, इसके बाद प्रशासन ने कई तरह की व्यवस्था की थी, लेकिन पिछले साल यमुनोत्री धाम में 6,45,000 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर पूजा अर्चना किए थे.
इससे यमुनोत्री मंदिर समिति को करीब 50 लाख रुपए की आय हुई थी, लेकिन इसके साथ ही 29 लोगों की मौत भी हुई थी. वहीं,. गंगोत्री धाम में 23 लोगों की जान गई थी. जबकि, केदारनाथ में करीब 90 लोगों की मौत और 46 लोगों ने बदरीनाथ की यात्रा में दम तोड़ा. अमूमन सभी मामलों में सांस की समस्या के कारण ही मौत हुई थी.
ये भी हुआ बदलाव: उत्तरकाशी डीएम प्रशांत कुमार आर्य की मानें तो यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पुलिस व आपदा प्रबंधन टीमों की तैनाती बढ़ा दी गई है. यमुनोत्री और गंगोत्री मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. साथ ही जोखिम वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
घोड़ा-खच्चर संचालन पर नियंत्रण कड़ा किया गया है और उनकी हेल्थ जांच अनिवार्य पहले से ही थी, लेकिन इस पर और निगरानी रखी जा रही है. ताकि, दुर्घटनाओं को रोका जा सके. इसके अलावा यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग को और सख्त किया गया है. भीड़ नियंत्रण के लिए नए ट्रैफिक प्लान लागू किए गए हैं, जिससे यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके.
ये भी हैं चुनोती: इसके अलावा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्गों पर अभी भी कई ऐसे हिस्से हैं, जहां यात्रा जोखिम भरी बनी हुई है. यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड जैसे संकरे और खतरनाक मोड़ों पर पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना रहता है.कई स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का काम अधूरा है, जिससे वाहनों और पैदल यात्रियों दोनों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है. वहीं, गंगोत्री मार्ग पर धरासू से नालूपानी के बीच भूस्खलन की आशंका बनी हुई है और कुछ हिस्सों में मलबा गिरने से रास्ता बाधित होने की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है.
दूसरे दिन बेहतर प्रबंधन, नहीं हुई कोई अप्रिय घटना: प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों का असर दूसरे ही दिन स्पष्ट रूप से देखने को मिला. यात्रा मार्गों पर स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में रही और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या मौत की सूचना सामने नहीं आई.
श्रद्धालुओं ने भी बेहतर व्यवस्थाओं के चलते राहत महसूस की और यात्रा अपेक्षाकृत सुचारु ढंग से आगे बढ़ती दिखाई दी. हालांकि, भीड़ का दबाव अब भी बना हुआ है, खासकर यमुनोत्री धाम में, लेकिन प्रशासन का मानना है कि भक्तों की सीमा हटाने से भी भीड़ अचानक आई है. फिलहाल, सभी व्यवस्थाएं सही है और सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं में सुधार लगातार हो रहे हैं.
श्रद्धालुओं के लिए सरकार की अहम सलाह: प्रशासन और सरकार ने अलग-अलग माध्यम से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराना, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धीरे-धीरे चढ़ाई करना, पर्याप्त पानी और जरूरी दवाइयां साथ रखना अत्यंत आवश्यक है.
इसके साथ ही मौसम के बदलते मिजाज को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाना भी जरूरी है. विशेष रूप से बुजुर्ग और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. इसके साथ ही मंत्री ने सफाई व्यवस्था पर भी भक्तों से अपील की है कि वो धामों में साफ सफाई का ध्यान रखें.अब तक केदारनाथ धाम में 6 लाख 80 हजार 092 श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है. साथ ही 19 लाख 52 हजार 809 श्रद्धालुओं ने चारों धामों में पंजीकरण करवाया है. बदरीनाथ धाम में 5,75,997, यमुनोत्री धाम में 3,33,689, गंगोत्री धाम में 3,43,359 श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करवाया है.


