NATIONAL : किसान आंदोलन को लेकर किए थे कई पोस्ट, फिर हटाए… दिल्ली असेंबली में कार घुसाने वाले का नहीं पता चला मोटिव

0
47

दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है. पकड़ा गया आरोपी पूरी रात थाने की लॉकअप के रॉड हिलाता रहा, चिल्लाता रहा. पुलिस के मुताबिक लॉकअप में उसका व्यवहार काफी उग्र रहा.

दिल्ली विधानसभा में एक दिन पहले सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया था. एक शख्स ने बैरिकेड तोड़ते हुए यूपी नंबर की टाटा सिएरा गाड़ी विधानसभा में घुसा दी थी और फिर वापस निकल फरार हो गया था. इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस के साथ ही बम निरोधक दस्ते, फॉरेंसिक टीम ने विधानसभा परिसर की गहन जांच की थी.

दिल्ली पुलिस ने कार घुसाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस टीम उससे पूछताछ कर रही है. पांच से सात मिनट के भीतर हुई सिक्योरिटी ब्रीच की इस घटना के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी, इसका पता अब तक नहीं चल सका है. पुलिस के अनुसार पकड़ा गया सरबजीत सिंह खुद को किसान आंदोलन का समर्थक बताता है. उसने सोशल मीडिया पर 2020-21 के आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के समर्थन में कई पोस्ट भी किए थे. इनमें से कुछ बाद में हटा दिए गए.

कहा यह भी जा रहा है कि सरबजीत का भांजा एक अप्रैल से मिसिंग था. हरिनगर थाने में उसकी मिसिंग रिपोर्ट भी दर्ज है. उस केस की तरह ध्यान खींचने के लिए सरबजीत ने विधानसभा में गाड़ी घुसाई. सरबजीत ने पूछताछ के दौरान कहा कि विधानसभा में कोई बड़ा अधिकारी होगा, जो इस केस पर ध्यान देगा, उसकी बात सुनेगा. वहीं, परिवार उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बता रहा है, लेकिन पुलिस को इस थ्योरी पर यकीन नहीं है.

सरबजीत हट्टा-कट्टा शख्स है, पैसे से भी मजबूत है और अभी फरवरी में ही नई टाटा सियारा गाड़ी निकलवाई थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बेशक इसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, ना ही गाड़ी में हथियार था. लेकिन ये अपनी गाड़ी को ही हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा था. गाड़ी किसी के ऊपर चढ़ सकती थी. पुलिस के मुताबिक सरबजीत अकेला ही दिल्ली विधानसभा के अंदर गया था. इसके साथ तब कोई नहीं था.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सरबजीत को दिल्ली के रास्ते भी नहीं पता थे. इसलिए इसने दो टैक्सी वालों को दो हजार रुपये देकर रास्ता बताने के लिए विधानसभा से निकलने के बाद अपनी गाड़ी में बैठा लिया था. सरबजीत ने इन दोनों से यह भी कहा कि पार्लियामेंट जाना चाहता हूं. पुलिस ने एहतियातन इन दोनों को भी पकड़ा है और पूछताछ कर रही है. हालांकि, इन दोनों का किसी भी तरह से कोई रोल अब तक सामने नहीं आया है.

सरबजीत की पत्नी ने शाहजापुर का एक मेडिकल का पर्चा पुलिस को दिया है, जिसके मुताबिक उसका इलाज चल रहा है. पुलिस इसे भी वेरिफाई करा रही है. साथ ही, सीडीआर खंगालने की भी तैयारी है, जिससे और चीजें साफ हो सकती हैं. सरबजीत का मेडिकल कराया गया है और उसे तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसका व्यवहार बहुत उग्र है. रात में थाने के लॉकअप की ग्रिल पकड़कर वह उसे हिलाता, चिल्लाता रहा.

अधिकारियों का यह भी कहना है कि वह उल्टी-सीधी बातें भी कर रहा है. कह रहा कि मेरे पास महाराजा की तलवार है. पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक उसने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को कुचलने का भी प्रयास किया. यह मुकदमा सिविल लाइंस थाने में दर्ज किया गया है. सरबजीत पर आपराधिक अतिक्रमण, सरकारी कर्मचारी के खिलाफ बल प्रयोग और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा भी लगाई गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here