NATIONAL : टीईटी पेपर लीक पर CM फडणवीस का बड़ा एक्शन, ज्वाइंट सीपी की अगुवाई में SIT गठित, मास्टरमाइंड पर MCOCA की भी तैयारी

0
43

महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और तेज जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं।

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के पेपर लीक मामले को लेकर राज्य सरकार एक्शन में है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और तेज जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह एसआईटी ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट CP) पंजाबराव उगाले के नेतृत्व में काम करेगी और पूरे पेपर लीक नेटवर्क की जांच करेगी।

मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा मंत्री से की चर्चा
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) सदानंद दाते से इस मामले पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

उपमुख्यमंत्री ने की मास्टरमाइंड के खिलाफ MCOCA की मांग
वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कथित टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) पेपर लीक के पीछे के ‘मास्टरमाइंड’ पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कथित पेपर लीक को “बहुत परेशान करने वाला” बताया और कहा कि वह मास्टरमाइंड और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ इस मामले पर विस्तार से चर्चा करेंगे

शिंदे ने कहा, “TET परीक्षा का पेपर लीक होने की घटना बहुत परेशान करने वाली है। मैं इस मामले में मास्टरमाइंड और आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ विस्तार से चर्चा करूंगा। उन्होंने कहा कि मामले की गहन, निष्पक्ष और सख्त जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई रियायत नहीं दी जाएगी।

दोषियों को नहीं दी जाएगी कोई रियायत
उन्होंने कहा, दोषी को कोई रियायत नहीं दी जाएगी, चाहे उसका पद कुछ भी हो या वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हो। कानून के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक न केवल कदाचार का एक रूप है, बल्कि एक गंभीर अपराध है जो संगठित अपराध का रूप ले लेता है।

महाराष्ट्र पुलिस की सराहना की
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी करके लाखों मेहनती और ईमानदार उम्मीदवारों के भविष्य को अंधकार में जाने से बचाया। TET परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों को भरोसा दिलाते हुए शिंदे ने कहा कि परीक्षा जल्द से जल्द पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित की जाएगी। किसी भी ईमानदार उम्मीदवार के अधिकारों का हनन नहीं होने दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र की शिक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार मुक्त, गुणवत्तापूर्ण और अधिक सक्षम बनाना महायुति सरकार का पक्का लक्ष्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here