NATIONAL : नाबालिग लड़की को किडनैप कर ले जा रहे थे बदमाश, रास्ते में खत्म हुआ पेट्रोल, फिर…

0
790

लखनऊ के गोमतीनगर में दो युवकों ने 14 साल की बच्ची को स्कूटी पर जबरन बैठाकर किडनैप करने की कोशिश की. विरोध करने पर उसे चाकू से धमकाया गया. लेकिन स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने पर बच्ची भाग निकली. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया. 14 साल की बच्ची को दो युवकों ने जबरन स्कूटी पर बैठाकर अगवा करने की कोशिश की. गनीमत यह रही कि स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे बच्ची को भागने का मौका मिल गया.

पीड़िता की बुआ ने बताया कि उनकी भतीजी लक्ष्मी मार्केट में काम करती है. शनिवार को दुकान मालिक ने उसे किसी काम से बाहर भेजा था. रास्ते में गांव के ही दो युवक भूरिया और पटरा आए और किशोरी को जबरदस्ती स्कूटी पर बैठा लिया. जब बच्ची ने विरोध किया तो उसका मुंह बंद कर दिया गया और चाकू दिखाकर डराया गया.

कुछ देर बाद शाम करीब चार बजे एक अनजान नंबर से सूचना मिली कि बच्ची फैजाबाद रोड पर रोती हुई मिली है. राहगीरों ने बताया कि दोनों युवक उसे ले जा रहे थे, तभी स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया. इसी बीच बच्ची ने मौका देखकर खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकली.घटना की जानकारी मिलते ही गोमतीनगर पुलिस हरकत में आई. इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपी भूरिया और पटरा को हिरासत में ले लिया गया है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here