पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव नतीजे घोषित हो गए। नतीजों के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सबसे बड़ी खबर पश्चिम बंगाल से है, जहां पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। खास बात यह है कि इसी दिन रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती भी है। बांग्ला कैलेंडर के अनुसार यह तिथि 25 वैशाख को पड़ती है, जो आमतौर पर मई के दूसरे सप्ताह में आती है।

फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि मुख्यमंत्री कौन होगा और शपथग्रहण समारोह में किन-किन नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।चुनाव नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इससे पहले भवानीपुर सीट से हार के बाद ममता ने कहा था- ‘निर्वाचन आयोग और भाजपा गड़बड़ी कर रहे हैं। 100 से ज्यादा सीटें लूटी गईं हैं। मेरे एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया, मुझे रोका गया। पीटा गया।’
राहुल गांधी ने कहा- कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के लोग, जो TMC की हार पर खुश हो रहे हैं कि वे छोटी-मोटी राजनीति छोड़ दें; यह किसी एक पार्टी के बारे में नहीं बल्कि पूरे भारत के बारे में है।

