बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की सोशल मीडिया इकाई और विभिन्न प्रकोष्ठों की कार्यशालाओं की अध्यक्षता कर डिजिटल रणनीति को प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ( बीजेपी ) अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी की सोशल मीडिया इकाई की एक कार्यशाला की अध्यक्षता की और डिजिटल प्रयासों को ‘‘और अधिक प्रभावी’’ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में कहा कि उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के समूहों की एक कार्यशाला की भी अध्यक्षता की और प्रतिभागियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर ‘विस्तृत चर्चा’ की।
बीजेपी नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज मैंने भाजपा मुख्यालय में ‘राष्ट्रीय सोशल मीडिया कार्यशाला’ का उद्घाटन किया और देशभर से आए सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों को संबोधित किया।’’

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया कार्यशाला के दौरान उनके साथ बातचीत में उन्होंने संगठन के डिजिटल प्रयासों को और प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा की तथा ‘भविष्य की रणनीतियों’ पर भी विचार-विमर्श किया।
बीजेपी की सोशल मीडिया इकाई के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के बैठक में मौजूद थे। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी समेत अन्य नेता भी शामिल हुए। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे उत्तर प्रदेश, चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा
इसके अलावा बीजेपी सांसद नितिन नवीन सोमवार को उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर जाएंगे, जहां वह अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें करेंगे।
बीजेपी के अनुसार, चुनाव से पहले युवाओं से संपर्क के पार्टी के प्रयासों के तहत, नवीन मेरठ में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मंगल्य सभागार में युवा सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। अपने दौरे के दौरान नवीन उत्तर प्रदेश में चुनाव की तैयारियों से संबंधित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और सम्मेलनों का नेतृत्व करेंगे।’’

