NATIONAL : बेंगलुरु में विला पार्टी में ड्रग्स देकर गैंगरेप, लड़की ने इंस्टाग्राम दोस्त पर लगाया आरोप

0
65

बेंगलुरु में 19 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम मित्र डिक्सन सैंडो और निखिल ने उसे पार्टी में बुलाकर नशीली गोली खिलाई और दुष्कर्म किया. आरोपियों ने धमकी भी दी. छात्रा ने डर के कारण देर से शिकायत की और बाद में अस्पताल जाकर भाई को बताया. इस बीच एक आरोपी ने पहले जबरन वसूली की शिकायत भी दर्ज कराई. अमृतहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के दावों की जांच शुरू कर दी है.

बेंगलुरु के एक पॉश इलाके में स्थित प्राइवेट विला में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, छात्रा का कहना है कि उसे नशीला पदार्थ जबरन खिलाकर दो लोगों ने वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता तमिलनाडु के तिरुपुर की रहने वाली है और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है. वह पढ़ाई के लिए पिछले पांच महीनों से बेंगलुरु में रह रही थी.

एफआईआर के अनुसार, पीड़िता की पहचान इस साल जनवरी में आरोपी डिक्सन सैंडो (21) से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और घटना से पहले शहर में उनकी कुछ बार मुलाकात भी हुई थी.पुलिस ने बताया कि 14 फरवरी की रात कॉलेज और बाद में बनशंकरी में एक दोस्त के साथ डिनर करने के बाद छात्रा को डिक्सन का फोन आया. उसने उसे उत्तर बेंगलुरु स्थित निजी संपत्ति ‘रेक्स विला’ में पार्टी के लिए बुलाया. छात्रा 15 फरवरी की तड़के अपने एक मित्र के साथ वहां पहुंची.

पार्टी के दौरान डिक्सन ने छात्रा की मुलाकात दूसरे आरोपी निखिल (35) से कराई. पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों ने उसे गुलाबी रंग की एक गोली जबरन खिलाई. इसके बाद उसे चक्कर आने लगे, वह असहज महसूस करने लगी और फिर बेहोश हो गई.शिकायत के मुताबिक, बेहोशी की हालत में उसके साथ विला के एक कमरे में यौन उत्पीड़न किया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उसे आंशिक रूप से होश आया और बाद में उसने खुद को कमरे में बंद पाया.

छात्रा का आरोप है कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसे मार दिया जाएगा. जांचकर्ताओं के अनुसार, बाद में आरोपी उसे एक मॉल के पास छोड़कर चले गए.

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक ने 21 फरवरी को पहले ही जबरन वसूली की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. उसने दावा किया कि छात्रा और ‘इमरान’ नाम बताने वाले एक व्यक्ति, जो खुद को एक क्षेत्रीय न्यूज चैनल से जुड़ा बता रहा था, उसने पैसे मांगे और भुगतान न करने पर बदनाम करने की धमकी दी.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह शिकायत पीड़िता द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने से एक दिन पहले दर्ज हुई थी. जांच एजेंसियां फिलहाल दुष्कर्म के आरोप और जबरन वसूली के दावे दोनों की जांच कर रही हैं ताकि घटनाक्रम स्पष्ट हो सके.पीड़िता ने बताया कि धमकियों के डर से उसने तुरंत शिकायत नहीं की. मानसिक आघात बने रहने पर उसने 17 फरवरी को बेंगलुरु के एक अस्पताल में इलाज कराया और बाद में अपने भाई को घटना की जानकारी दी. भाई की सलाह पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पीड़िता के बयान के आधार पर अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में डिक्सन सैंडो और निखिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here