सहारनपुर: कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि बीजेपी के खिलाफ चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में ही जीता जा सकता है। उन्होंने कहा है कि सभी दलों को राहुल गांधी के साथ खड़ा रहना होगा, बीजेपी से पार पाना आसान नहीं है, तृणमूल कांग्रेस (TMC) का क्या हाल हुआ, इससे सबक लीजिए। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के यूपी में गठबंधन के प्रस्ताव पर कहा कि अब लड़ाई सिर्फ राहुल गांधी और मोदी जी के बीच है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को जिताने के लिए किसी को सहायक नहीं होना चाहिए।
एक तरफ राहुल जी, दूसरी तरफ मोदी साहब
एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि वे उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन करने को तैयार हैं। इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि, यह फैसला उनका है। लड़ाई उत्तर प्रदेश में हो या देश में, लड़ाई इस समय बिल्कुल सीधी है। एक तरफ राहुल जी हैं और दूसरी तरफ मोदी साहब हैं। बीच का कोई रास्ता नहीं है। राहुल जी के नेतृत्व में ही लड़ाई को जीता जा सकता है।

बीजेपी की जीत में मददगार मत बनिए
ओवैसी ने कहा है कि सम्मान के साथ बराबरी का दर्जा दिया जाए तो वे गठबंधन के लिए तैयार हैं। इस पर इमरान मसूद ने कहा कि यह फैसला तो पार्टी करेगी, ये मेरा फैसला नहीं है। पार्टी जो फैसला करेगी हम उसके साथ हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जीत जाए उससे किसी का क्या फायदा होगा। बीजेपी को जिताने के लिए किसी को सहायक नहीं होना चाहिए। जब आप नफरत मिटाने की बात करते हो तो मोहम्मद निभाने वालों के साथ चलो।
समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान ने कहा है कि बहुसंख्यक समाज जहर हो गया है। इस पर इमरान मसूद ने कहा कि यह गलत बात है। बहुसंख्यक समाज में बहुसंख्यक लोग प्रेम, मोहब्बत, भाईचारे की बात करते हैं। यह बात बहुत गलत है और किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
टीएमसी का हश्र देख लिया, सबक ले लीजिए
इमरान मसूद ने कहा था कि राहुल गांधी का हाथ थामना चाहिए नहीं तो पश्चिम बंगाल जैसी स्थिति होगी। उनके इस बयान को समाजवादी पार्टी को दी गई नसीहत माना गया। इस पर मसूद ने कहा कि, मैं सबको कह रहा हूं। अगर आप ईमानदारी के साथ पार पाना चाहते हो तो यह इतना आसान नहीं है। जो हश्र टीएमसी का हो रहा है, उससे सबक ले लीजिए। मैं सबको कह रहा हूं, किसी का नाम नहीं ले रहा हूं।
ममता जी ने पहले बात की होती तो यह हाल न होता
उन्होंने कहा कि देखिए महाराष्ट्र में क्या हाल हुआ, बंगाल में क्या कर रहे हैं। मजबूती के साथ खड़े होंगे, तभी तो लड़ाई लड़ पाएंगे न। उत्तर प्रदेश में चुनाव होना है। लड़ाई बिल्कुल साफ है, राहुल जी के नेतृत्व में ही इनसे पार पाया जा सकता है। उन्होंने यूपी में गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि यह फैसला पार्टी का है कि किस तरह लड़ना है। लेकिन जो माहौल देश के अंदर बना है वह देख लीजिए। ममता जी ने पहले बात कर ली होती तो यह हालत न होती। हारना और जीतना अलग चीज है, लेकिन यह स्थिति न होती।


