NATIONAL : राहुल गांधी के गुमशुदगी पोस्टर पर कांग्रेस बोली- ‘पहले PM को ढूंढो, पेपर लीक और राम मंदिर चंदा पर जवाब दो’

0
43

राहुल गांधी के गुमशुदगी पोस्टर विवाद पर कांग्रेस ने BJP को घेरने की कोशिश की है. इस मुद्दे पर राजेंद्र पाल गौतम ने राहुल गांधी, पेपर लीक और राम मंदिर चंदा विवाद पर बड़ा बयान दिया.

राहुल गांधी के गुमशुदगी वाले पोस्टर को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और तेज हो गया है. BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के कथित विदेश वेकेशन को लेकर सवाल उठाए और कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि राहुल गांधी कहां हैं और उनका कार्यक्रम क्या है. इस पर कांग्रेस की तरफ से नया जवाब सामने आया है. उत्तर प्रदेश के लिए नई जिम्मेदारी संभाल रहे राजेंद्र पाल गौतम ने BJP के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि सवाल राहुल गांधी पर नहीं बल्कि सरकार के कामकाज पर होने चाहिए.

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि जो लोग राहुल गांधी को लेकर पोस्टर लगा रहे हैं, उन्हें पहले प्रधानमंत्री को ढूंढना चाहिए और देश के बड़े मुद्दों पर जवाब मांगना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान पर दबाव का माहौल बनाया गया है और जनता इसका जवाब चुनाव में देगी.

कांग्रेस की रणनीति को लेकर बड़ा दावा

राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि पार्टी अगले एक से डेढ़ महीने के भीतर प्रदेश में ऊपर से लेकर गांव स्तर तक पूरा संगठन तैयार कर देगी. उन्होंने कहा कि इसी दौरान जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं और मुद्दे जुटाए जाएंगे और उसी आधार पर कांग्रेस पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी. साथ ही चुनाव लड़ने वाले नेताओं की पहचान अभी से शुरू कर उन्हें तैयार किया जाएगा.

राम मंदिर चंदा चोरी पर कांग्रेस ने क्या कहा?

राम मंदिर चंदा और कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में लोगों ने अपनी आस्था और विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, लेकिन उसी आस्था को चोट पहुंचाने का काम हुआ. उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जनता के सामने पूरी सच्चाई आनी चाहिए.इसी दौरान उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ये लोग मुगलों और अफ़अफ़गानियों को कोसते थे, अब इनका क्या किया जाए. राजेंद्र पाल गौतम ने आगे कहा कि “43 दिन में 70 बार चोरी हुई, जबकि मोहम्मद गौरी 11 बार ही कर पाया था, अब तो उससे भी आगे निकल चुके हैं.”

BJP और प्रदीप भंडारी पर पलटवार

राजेंद्र पाल गौतम ने इस दौरान BJP और प्रदीप भंडारी पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर सवाल उठाने से पहले सरकार को युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में 90 से ज्यादा पेपर लीक के मामले सामने आए हैं और इससे लाखों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है. उन्होंने कहा कि सरकार इन मुद्दों और राम मंदिर चंदा विवाद पर जवाब देने से बच रही है. उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन मुद्दों को समझ रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर दिखाई देगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here